Read in App

Daily Insider Desk
• Thu, 14 Jul 2022 7:26 pm IST


सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क लगेगी प्रीकाशनरी डोज

लखनऊ: कोरोनारोधी टीके की प्रीकाशनरी डोज शुक्रवार से जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर 18-59 वर्ष आयु वाले लोगों को नि:शुल्क लगाई जाएगी। इस बात की जानकारी लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज अग्रवाल ने दी है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में करीब 45.11 लाख लोगों ने पहली तो लगभग 38.56 लाख लोगों ने दूसरी डोज लगवाई हैं। लगभग 2.42 लाख लोगों को एहतियाती डोज भी लगाई जा चुकी है।

उन्होंने कहा है कि कोरोना से सुरक्षित रहने का एकमात्र विकल्प वैक्सीन लगवाना है। इसलिए इसमें देरी नहीं करनी चाहिए। अब सरकार द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को शुक्रवार से प्रीकाशनरी डोज  लगवाई जायेगी। वैक्सीन लगवाने वालों के लिए कोरोना का खतरा काफी कम हो जाता है। यह टीकाकरण ही है जिसने कोरोना की गंभीरता को कम किया है।

क्या कहते हैं आंकड़े

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.. एमके सिंह के मुताबिक, जिले में 12 से 14 वर्ष की आयु वर्ग में लगभग 1.43 लाख बच्चों को पहली डोज और 84,590 बच्चों को दूसरी डोज लग चुकी है। वहीं 15 से 17 वर्ष के आयु वर्ग में लगभग 3.08 लाख किशोरों को पहली खुराक, लगभग 2.27 लाख को दूसरी डोज लग चुकी है। 18 से 44 के आयु वर्ग में करीब 26.68 लाख लोगों को पहली डोज, 22.72 लाख लोगों को दूसरी डोज और 22,797 लोगों को प्रीकॉशन डोज लग चुकी है।  45 से 60 साल के करीब 8 लाख लोगों को पहली डोज, 7.27 लाख लोगों को दूसरी डोज और 17,785 लोगों को प्रीकॉशन डोज लग चुकी है। साठ वर्ष से अधिक आयु वर्ग में लगभ 4.46 लाख लोगों को पहली डोज, लगभग 4.01 लाख लोगों को दूसरी डोज और लगभग 95,000 लोगों को प्रीकॉशन डोज लग चुकी है