मेरठ: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने इस बार होली पर लोगों को रोडवेज बस से उनके घर तक पहुंचाने की मुहिम शुरू की है। इस बार यात्री कैब की तर्ज पर रोडवेज बस बुकिंग करा सकेंगे। इसके बाद डिपो से बस उनके पास भेजी जाएगी। शर्त यह है, कि बस बुक कराने के लिए कम से कम 50 यात्री होने चाहिए। यह सुविधा जनपद में संचालित विभिन्न फैक्टरियों और अन्य विभागों में काम करने वाले लोगों के लिए शुरू की गई है। बड़ौत डिपो के आंकड़ों के अनुसा होली पर्व पर लगभग पांच लाख यात्री सफर करते हैं। इसमें से दो लाख से ज्यादा यात्री बाहरी जनपदों के रहते हैं। रोडवेज बुकिंग शुरू कर दी गई है।
इसलिए शुरू की गई सुविधा
जनपद में हजारों लोग अन्य जनपदों और राज्यों के विभिन्न फैक्टरियों और सरकारी और निजी विभागों में कार्य करते है। अधिकांश लोग होली मनाने के लिए अपने घर जाते हैं। इससे डिपो पर यात्रियों का तांता लगा रहता है। कुछ लोग एक ही गांव या आसपास के गांव के रहने वाले होते हैं। बड़ौत डिपो के स्टेशन प्रभारी नरेंद्र मान ने बताया कि बीते साल जनपद में संचालित विभिन्न फैक्टरियों व संस्था संचालकों ने अपने यहां पर काम करने वाले लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए पूरी बस बुक कराना चाहती थीं, लेकिन कोरोना काल के चलते ऐसा करना संभव नहीं हो सका। इसी को देखते हुए इस बार यह फैसला लिया गया है। यात्री 54 सीट वाली रोडवेज बस को बुक कर सकेगा, लेकिन कम से कम 50 यात्री होने चाहिए।
कपिल सोनी की रिपोर्ट