गांव के सरकारी हैंडपंपों को भी तिरंगे के रंग में रंगा
शाहजहांपुर: सरकार आजादी के अमृत महोत्सव के चलते 15 अगस्त से पहले घर घर झंडा तिरंगा लगाने की मुहिम में जुटी है। सरकार के वही इस ऐलान से पहले ही शाहजहांपुर के एक गांव में घर- घर तिरंगा फहराने की शुरुआत गांव वालों ने कर दी थी। ग्राम प्रधान ने इस मुहिम में पूरे गांव को जोड़ते हुए अनोखी पहल की। गांव में पीने के पानी के लिए लगे सरकारी हैंडपंपों को तिरंगे के रंगों में सजाया गया है। पूरा गांव देश प्रेम की भावना से ओतप्रोत है।
यह है शाहजहांपुर मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर ब्लाक सिधौली का भटपुरा रसूलपुर गांव। अमृत महोत्सव पर यह गांव इस अनोखी पहल के लिए चर्चा का केंद्र है। ग्राम प्रधान अनिल गुप्ता ने गांव के 56 हैंडपंपो को भारतीय तिरंगे के रंगों से रंग दिया है। नल के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था भी कराई गई है। ग्रामीण और उनके बच्चे भारतीय झंडे से ओतप्रोत नलों से पानी भरते समय गीत भी गुनगुनाते हैं।
गांव के राजेश्वर सिंह कहते हैं कि उनका गांव मॉडल घोषित है। पिछले 10 वर्षों से इस गांव के प्रधान अनिल गुप्ता हैं। उन्होंने गांव में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराया हैं। सड़क नालियों को दुरुस्त करने के साथ ही साफ सफाई व्यवस्था में भी नंबर वन बनाया है। हर घर में पेयजल व्यवस्था मुहैया है। ग्रामीणों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं। गांव का हनुमत धाम भी चर्चा का केंद्र है। इस बार आजादी के महोत्सव से पहले ही इस गांव के ग्राम प्रधान अनिल गुप्ता ने मुहिम शुरू की। गांव के नलों में तिरंगा रंगों से रंग दिया। बिजली के खंभों में लाल, हरा और सफेद रंग लगा है।
15 अगस्त आने से पहले ही प्रदेश सरकार हर घर में झंडा फहराने का संदेश दे रही है। ताकि लोग अपने घरों में झंडा फहरा कर ना केवल अपने आप को भारतीय होने का अहसास कर सके बल्कि देश प्रेम और आजादी में पूर्वजों की कुर्बानी की हिस्सेदारी का भी एहसास कर सके। लेकिन इस गांव में आजादी के महोत्सव से पहले ही ग्राम प्रधान कि इस मुहिम से गांव में देश प्रेम की भावना लोगों में एहसास कराने लगी है। ऐसे में भटपुरा गांव इन दिनों चर्चा का विषय बना है।