अभियान चलाकर लगाए जा चुके 30 करोड़ पौधे
लखनऊ। चार चरण में अभियान चलाकर यूपी को हरा भरा बनाने की योजना है। इसके अंतर्गत अभी तक 30 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
5 जुलाई को हर जिले में वृहद स्तर पर वन महोत्सव समारोह आयोजित कर 25 करोड़ से ज्यादा पौधों का रोपण किया गया है।
6 जुलाई को पौधरोपण कार्यक्रम के अन्तर्गत विभिन्न स्थलों पर 2.5 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
7 जुलाई को पौधरोपण कार्यक्रम के अन्तर्गत विभिन्न स्थलों पर 2.5 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए।
इसके अलावा 15 अगस्त को आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हर ग्राम पंचायत तथा शहरी निकाय में "अमृत वन" की स्थापना करने के लिए 5 करोड़ पौधरोपण किया जाएगा।
2022 के वर्षाकाल में 35 करोड़ पौधरोपण में कई प्रकार के वनों की स्थापना की जा रही है
शक्ति वन- हर जिले में महिलाओं के नेतृत्व में तथा उनके सक्रिय सहयोग से शक्ति वन की स्थापना की गयी है। जिसमें गणमान्य / विशिष्ट महिला अतिथि तथा व्यापक स्तर पर आमंत्रित महिलाओं के सहयोग से पौधरोपण कराया गया है।
खाद्य वन- प्रदेश में विभिन्न स्थलों पर खाद्य वन विकसित किये गये हैं। जिसके अन्तर्गत मुख्यतः फल प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया है।
नगर वन- 13 जिलों में नगर वन की स्थापना की जा रही है, जिसके अन्तर्गत नगर क्षेत्र के नजदीक स्थानयी प्रजातियों का रोपण के साथ-साथ स्थानीय निवासियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
बाल वन एवं युवा वन- पौधरोपण के दौरान प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में बाल वन तथा उच्च शिक्षा/ प्राविधिक शिक्षा के संस्थानों में युवा वन की स्थापना की गयी है।
अमृत वन- आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर उत्तर प्रदेश के हर ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय में 15 अगस्त 2022 को जन सहभागिता के माध्यम से अमृत वन की स्थापना की जा रही है। हर ग्राम पंचायत / नगर पंचायत में तथा हर म्यूनिसिपल बोर्ड में 75 स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा। अमृत वन की स्थापना में राष्ट्रीय वृक्ष बरगद तथा देशज पौधे पीपल, पाकड़, नीम, बेल, आंवला, आम, कटहल, सहजन, आदि के रोपण को वरीयता दी जा रही है।