Read in App

Daily Insider Desk
• Sat, 18 Mar 2023 6:47 pm IST


कृषक प्रधान देश बनने से परेशान कुछ लोग किसानों को गुमराह करने के गेम में लगे हैं: नकवी

रामपुर: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को कहा कि कृषि प्रधान देश के कृषक प्रधान देश बनने से परेशान कुछ लोग किसानों के ‘कन्धे पर बंदूक’ और ‘सियासी साजिश का संदूक’ लेकर ‘गुमराह करने के गेम’ में लगे हैं। बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में जाते वक्त रास्ते में बिलासपुर चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने मुख़्तार अब्बास नकवी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा “गांव, गरीब, किसान को सियासी स्वार्थ का साधन बनाने वाले लोगों के छल को मोदी-योगी सरकार ने किसानों के सशक्तिकरण के बल से ध्वस्त किया है। सरकार के किसानों की आमदनी दोगुना करने के प्रभावी प्रयास ने किसानो के शोषकों की नींद हराम और बिचौलियों की बेचैनी चौगुनी कर दी है।” उनका कहना था कि दशकों से बिचौलियों के चंगुल में फंसे किसानों को आजादी दिलाकर किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण का रास्ता तैयार हुआ है। नकवी ने कहा कि किसानों की तरक्की से परेशान कुछ लोग किसानों को ‘गुमराह करने के गेम’ में लगे हुए हैं।