वृक्ष ऑक्सीजन प्रदान कर वातावरण को स्वच्छ रखते हैं: रोली गुप्ता
हरदोई: जनपद और आसपास के क्षेत्रों में आज गुरु पूर्णिमा का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान आश्रमों और मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने धर्माचार्यों की शरण में पहुंचकर सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया। मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की गई। हुसेनापुर धौकल के शिव सत्संग मण्डल आश्रम में श्रद्धालुओ ने सिद्धनाथ बाबा मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की और शिव सत्संग मंडल आश्रम के मंडलाध्यक्ष आचार्य अशोक का सानिध्य प्राप्त कर उनसे सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान आचार्य अशोक ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में गुरु स्थान भगवा ध्वज को है। जो सनातन संस्कृति का प्रतीक है। उसी तरह शिव सत्संग मण्डल का गुरु कार्य परमपिता परमेश्वर शिव के आधीन है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे काम, क्रोध, लोभ और मोह जैसी बुराइयों का त्याग कर सत्य की राह को अपनाएं और सद्गुणों को ग्रहण करें। बढ़ती आबादी और बढ़ते पर्यावरण संकट से इस धरती को बचाएं।
भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री सत्येन्द्र कुमार सिंह राजपूत ने कहा कि पौधों की आवश्यकता मनुष्य को जन्म से मृत्यु तक होती है। पौधे लगाएं और इन पौधों की सुरक्षा करना भी हमारी ही जिम्मेदारी है। कहा कि पृथ्वी पर प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा रही है। तमाम वनस्पतियों में औषधीय गुण होते हैं। जैसे आंवला तो पूर्णतः औषधि है, जामुन की गुठली तक उपयोगी होती है। अजवाइन उदर विकार के निदान में सहायक है। सभी में कुछ न कुछ गुण हैं। पौधारोपण करते समय ऐसी वनस्पतियों का रोपण किया जाना चाहिए।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख रोली गुप्ता ने बताया कि वृक्ष हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और शुद्ध हवा प्रदान कर वातावरण को स्वच्छ रखते हैं। इस दौरान सत्संगी जनों ने वृक्ष लगाओ धरा बचाओ, वृक्षा रोपण करना है, प्रदूषण दूर भगाना है, वृक्षारोपण कार्य महान आदि नारे लगाकर लोगों को पर्यावरण को बचाने के लिए जागरुक किया।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक नवनीत गुप्ता ने कहा कि पौध रोपण कर हम वातावरण को स्वच्छ बना सकते हैं और पर्यावरण को बचाने में भी सहयोग कर सकते हैं। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्वामी शांतानंद को अंग वस्त्र देकर रोली नवनीत गुप्ता ने सम्मानित किया। इस अवसर पर अमित कुमार, योग प्रशिक्षक सत्यम, आचार्य जुगुल किशोर शर्मा, विद्या प्रकाश त्रिपाठी, अस्मित बाथम एवं केंद्रीय संयोजक अम्बरीष कुमार सक्सेना सहित अनेक श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे। सभी ने श्रवण माह में शिवोपासना करने और पर्यावरण संकट हल करने के लिए पौधारोपण करने का शिव संकल्प लिया।
- आरएल पाण्डेय