लखनऊ: महापौर संयुक्ता भाटिया ने शनिवार को अपने आवास श्रृंगार नगर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की। इस दौरान नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहें। बता दें कि इस अभियान में लखनऊ नगर निगम की अहम भूमिका रहती है। अभियान के तहत नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, फोगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव प्रत्येक वार्डों के सभी क्षेत्रों में कराया जाता है।
मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शुरू किया गया है अभियान
डेली इनसाइडर से ख़ास बातचीत में लखनऊ की महापौर ने इस अभियान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इस अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया, मुख्यमंत्री द्वारा साफ़ कहा गया कि संचारी रोगों के रोकथाम के लिए हमें हमेशा तैयार रहना है। 2017 के बाद से लगता ये अभियान चलाया जा रहा है। कोरोना काल के दौरान भी यह अभियान जारी रहा है। सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर निगम की रहती है, इसलिए इस अभियान में नगर निगम के कर्मचारी व अधिकारी, दोनों की अहम भूमिका रहती है। अभियान के तहत फोगिंग, एंटी लार्वा दवा का छिड़काव, नालियों व गलियों की साफ़-सफाई का काम नगर निगम द्वारा किया जाता है। इस अभियान के दौरान इस पर भी ध्यान दिया जाता है कि कहीं भी पानी एकत्रित न हों, जिससे रोक फैलाने वाले मच्छर न पनपे।
अभियान के दौरान चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया है कि एक रैली भी निकाली गई है जो शहर भर में जाकर संचारी रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम भी निकलती है जो अलग-अलग वार्डों में घर-घर जाकर निरीक्षण करेगी और जहां कहीं भी पानी एकत्रित होगा उसकी निकासी और सफाई के लिए काम करेगी। महापौर ने बताया कि इस अभियान के शुभारंभ से पहले शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में एक बैठक बुलाई गई थी जिसमें पार्षदों के साथ साथ नगर निगम के अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। इस बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो, इसकी अपील भी की गई थी।
अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम ने रोस्टर बना दिया है। महापौर ने बताया है कि 32 बड़ी गाड़ियां शहर भर में चलेंगी तो फोगिंग का कार्य करेंगी। पार्षदों के वार्डों में हफ्ते में दो बार गाड़ियां पहुंचेंगीं। जिन गलियों में बड़ी गाड़ियां नहीं पहुंच सकती हैं वहां के लिए हमने छोटी फोगिंग मशीन तैयार की है जिससे कोने-कोने तक फोगिंग का कार्य हो सके।