फतेहपुर: रिजर्व पुलिस लाइन में चल रही श्रीमद् भागवत महापुराण में वाचक पं. शिवा कांत महाराज ने गजेंद्र मोक्ष की कथा को विस्तार से बताया। साप्ताहिक श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन कथा व्यास ने मोक्ष पर कथा की। उन्होंने कहा कि मनुष्य ही गजेंद्र है और काल ही ग्राह है। सरोवर ही भव सागर है, मनुष्य रूपी गज माया मोह रूपी भव सागर में फंस कर ग्राह रुपी काल का ग्रास बन जाता है। ऐसे में यदि मनुष्य छल प्रपंच का परित्याग करके निश्चल भाव से परमात्मा की शरण में आता है तो उसे परम गति प्राप्त होती है।
भगवान की कथा का श्रवण करने के लिए केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेई, आरएसएस विभाग प्रचारक प्रदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्रा, जेल अधीक्षक मोहम्मद अकरम मौजूद रहे। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पं. शिवा कांत महाराज ने कथा को आगे बढ़ाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा, पृथ्वी पर जब-जब अधर्म एवं अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान अवतरित होकर अधर्मियों का नाश करते हैं और धर्म की पुनः स्थापना करते हैं।
पंडाल में इनकी रही उपस्थिति
पंडाल में रिजर्व पुलिस लाइन सीओ प्रगति यादव, प्रतिसार निरीक्षक अशोक कुमार पाण्डेय, ब्लाक प्रमुख अभिषेक त्रिवेदी, वरिष्ठ समाज सेवक प्रदेश अध्यक्ष आदर्श व्यापार मंडल प्रदीप गर्ग, सरकारी अधिवक्ता मनीषा गुप्ता, समाज सेविका सुनीता गर्ग सहित कई श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थित दर्ज कराई।