Read in App

Daily Insider Desk
• Mon, 18 Jul 2022 1:00 am IST

अपराध

दिल्ली : बीमारी के बहाने घर पर बुलाकर 15 साल की नाबालिग से दुष्कर्म के बाद पिलाया तेजाब, हालत गंभीर

बाहरी दिल्ली के नांगलोई इलाके में 15 साल की किशोरी से दुष्कर्म करने के बाद उसे तेजाब पिलाकर जान से मारने की कोशिश की गयी। पीड़िता को गंभीर हालत में एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

इधर, घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी फैक्टरी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा उसकी पत्नी पर वारदात में उसकी मदद करने का आरोप है। फिलहाल पत्नी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। 

जानकारी के मुताबिक, नांगलोई थाने को एक पीसीआर कॉल मिली थी। कॉलर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बहन के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पकड़ रखा है। पुलिस ने मौके पर जाकर आरोपी जय प्रकाश को हिरासत में ले लिया। कॉलर ने बताया कि उसकी बहन एम्स में भर्ती है। पुलिस ने शनिवार को अस्पताल जाकर किशोरी का बयान लिया। पीड़िता ने बताया कि वह एक जूता फैक्टरी में काम करती है। दो जुलाई को उसकी फैक्टरी के मैनेजर जय प्रकाश ने उसे किसी काम से घर बुलाया। वहां उसने अपनी पत्नी की मदद से उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में 5 जुलाई को घर जाते समय जहरीला पदार्थ पिला दिया। पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और बेहोश हो गई। इसके बाद परिजनों ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे एम्स रेफर कर दिया गया। 

वहीं दिल्ली महिला आयोग ने 15 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। पुलिस से आरोपियों के गिरफ्तारी के मामले में जानकारी मांगी है। साथ ही, पीड़िता के बयान जल्द से जल्द एसडीएम के सामने दर्ज कराने के लिए कहा है। उक्त मामले में लड़की के पिता ने आयोग से शिकायत की थी।