Read in App

Daily Insider Desk
• Fri, 4 Mar 2022 2:13 pm IST


आवासीय कालोनी में तेंदुआ दिखने से हड़कंप, घरों में कैद हुए लोग

मेरठः पल्लवपुरम में शुक्रवार की सुबह तेंदुए देखने से दहशत फैल गई। पल्‍लवपुरम फेस-2 के एक घर में तेंदुआ घुसने की सूचना से पूरी कालोनी में हड़कंप मच गया। लोगों ने आनन-फानन में वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद तेंदुआ की घेराबंदी की गई। उसे पकड़ने के लिए मकान के बाहर जाल लगाया गया, तेंदुआ जाल में फंसा भी, लेकिन करीब पांच मिनट तक उसमें उलझे रहने के बाद भाग निकला। इसके बाद कालोनी के पास एक प्‍लॉट में जाकर छिप गया। 

वीओ..स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेुंदुए को सबसे पहले पल्‍लवपुरम फेस-2 के एक घर के पास आठ फीट ऊंची दीवार को फांदते हुए देखा गया। तेंदुए को देख डर के मारे घर के लोग बाहर भाग गए। अगल-बगल के लोगों ने तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। उधर, दीवार फांदने के बाद तेंदुआ मकान में जा घुसा। थोड़ी देर में मौके पर पहुंची वन विभाग की रेस्‍क्‍यू टीम ने उसे पकड़ने की कोशिशें शुरू की। वन विभाग की मदद के लिए पुलिस भी वहां पहुंच गई। 

खुल गई जाल की रस्सी
वन विभाग की रेस्‍क्‍यू टीम ने घर के बाहर जाल लगाया। तेंदुआ मकान की बालकनी की दीवार कूदकर जैसे बाहर निकला जाल में फंस गया। लेकिन कुछ देर तक उलझे रहने के बाद भाग निकला। बताया जा रहा है कि जाल की गांठ खुल गई थी। तेंदुए को अचानक भागते देख वहां मौजूद कुछ लोग घबरा कर सड़क पर गिर गए। गनीमत रही, कि तेंदुए ने किसी पर हमला नहीं किया। जाल से भागने के बाद तेंदुआ डिवाइडर रोड के पास एक प्‍लॉट की झाड़ि‍यों में जाकर छिप गया। वन विभाग की रेस्‍क्‍यू टीम और मौके पर बड़ी संख्‍या में मौजूद लोगों ने उसकी घेराबंदी कर ली है। मौके पर मौजूद वन विभाग के एसडीओ लोगों से वहां भीड़ न जमा करने की अपील कर रहे हैं, ताकि तेंदुआ घबरा कर किसी पर हमला न कर दे।