मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद पहुंचे समाजवादी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्तओं एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर विवादित बयान दिया है। पत्रकार वार्ता के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में प्रदेश सचिव राम सुधाकर यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अपशब्दों का प्रयोग किया।
समाजवादी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव राम सुधाकर यादव आज मऊ जनपद पहुंचे हुए थे और एक प्लाजा में पत्रकारों से वार्ता की। पत्रकार वार्ता के दौरान राम सुधाकर यादव सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय सचिव राजीव राय के घर और संस्थान पर पड़े इनकम टैक्स की छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए अपना आपा खो दिया और प्रदेश की भाजपा सरकार सहित भाजपा के कार्यकर्ताओं पर अभद्र टिप्पणी की। वहीं सपा नेता की तरफ से मुख्यमंत्री व भाजपा कार्यकर्ताओं को अपशब्द कहने को लेकर हर तरफ निंदा हो रही है।