Read in App

Daily Insider Desk
• Tue, 22 Nov 2022 2:37 pm IST


कानपुर हिंसा का मुख्य आरोपी अफजाल कोर्ट में सरेंडर कर पहुंचा जेल, पांच दिन बाद पुलिस को लगी भनक

कानपुर: तीन जून को नई सड़क पर हुए उपद्रव को खूनी रंग देने की साजिश का मुख्य आरोपी और डी-टू गैंग के सरगना अतीक का भाई अफजाल ने कानपूर पुलिस को जोर का झटका दिया है। हिंसा का मुख्य आरोपी अफजाल गुपचुप तरीके से अदालत में सरेंडर कर जेल पहुंच गया और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पांच दिन बाद जब यह खबर जेल से बाहर आई तो पुलिस अफसरों में खलबली मच गई। पुलिस अधिकारी अब पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर उन तक यह सूचना क्यों नहीं पहुंची। पुलिस ने अफजाल के खिलाफ गैर जमानती वारंट लिया हुआ है, मगर छह महीनों से वह पुलिस को गच्चा दे रहा था। अब अफजाल को लेकर जो जानकारी आई है उससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। दरअसल अफजाल ने 17 नवंबर को एक मामले में कोर्ट में सरेंडर और दिया और अदालत ने उसे जेल भेज दिया। पांच दिनों बाद भी पुलिस अधिकारी इस सच्चाई से वाकिफ नहीं थे। अब जब अफजाल के जेल जाने की जानकारी सामने आई तो पुलिस अधिकारी भी भौचक्के हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी कि आखिर अफजाल के जेल जाने की सूचना अधिकारियों तक कैसे नहीं पहुंची। जिस स्तर से भी लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। बताते चलें कि तीन जून 2022 को नमाज के बाद हिंसक भीड़ ने नई सड़क स्थित चंद्रेश्वर हाता पर हमला बोल दिया था। वैसे तो भीड़ एक टिप्पणी के विरोध में बाजार बंदी करने को जुटी थी लेकिन उपद्रव के बाद जब पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि यह साजिश शहर को दंगे की चपेट में झोंकने के लिए थी। उनका इरादा यह था कि खूनी हिंसा के बाद क्षेत्र में स्थित एकमात्र हिंदू बस्ती चंद्रेश्वर हाता खाली हो जाएगा। इस योजना को अमलीजामा एमएमए जौहर फैंस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हयात जफर हासमी, बाबा बिरयानी के मालिक मुख्तार बाबा, बिल्डर हाजी वसी ने डी-टू गैंग के अफजाल उर्फ जावेद के साथ मिलकर पहनाया। अफजाल को छोड़कर शेष तीनों मुख्य आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं और जेल में हैं।