बहराइच। वन प्रभाग के बसौना माफी के आजाद नगर में पिछले दो माह से लगाए गए पिंजरे में शिकार की तलाश में भटकते हुए एक तेंदुआ कैद हो गया। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर सदर एसडीओ, रेंजर वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। वहीं डीएफओ के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
बता दें इस इलाके में गांव में आतंक मचाए हुए तेंदुए को पकड़ने के लिए दो माह पूर्व पिंजरा लगाया गया था। रामगांव थाने के बसौना माफी के मजरे आजाद नगर में बुधवार की देर रात एक तेंदुआ शिकार की तलाश में पिंजरे में बंधे मवेशी के पास पहुंच गया। इसी दौरान पिंजरे में तेंदुए के प्रवेश करते ही पिंजरे का दरवाजा बंद हो गया और तेंदुआ कैद हो गया। गुरुवार की सुबह तेंदुए की गुर्राहट सुनकर लोग पहुंचे तो पिंजरे में कैद तेंदुए को देखकर लोगों ने चैन की सांस ली। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी सदर रेंज को दी।
सूचना पर एसडीओ डीके सिंह, रेंजर दीपक सिंह, वन दरोगा जहीरूद्दीन, वन रक्षक प्रताप सिंह राना, गंभीरवा पुलिस चौकी प्रभारी अमितेन्द्र सिंह, सिपाही जितेंद्र प्रजापति मौके पर पहुंच गए हैं और वन महकमे की टीम डीएफओ के आने का इंतजार कर रही है। बता दें इस इलाके में तीन वर्ष पूर्व तेंदुए के हमले में दो बच्चों की जान चली गई थी।