बरेली: शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को शहरी स्वास्थ्य समन्वय समिति की त्रैमासिक बैठक राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन द्वारा टीसीआईएचसी-पीएसआई के सहयोग से ऑनलाइन आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के नोडल अधिकारी (कार्यवाहक) डॉ. सीपी सिंह ने की। डॉ. सीपी सिंह ने कहा कि 2018 में बरेली में डेंगू और मलेरिया का प्रकोप ज्यादा था इसे देखते हुए इस साल नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संचारी रोग नियंत्रण माह में इन रोगों के नियंत्रण के लिए जागरूकता फैलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद की शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी का सहयोग जरुरी है। उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान सही तरह के परामर्श पर जोर दिया साथ ही अन्य स्वास्थ्य सेवाएं जैसे नियमित टीकाकरण,परिवार नियोजन सेवाये,संचारी रोग एवं दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी विभागों के समन्वय की बात की। उन्होंने बताया शहरी क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से शहरी स्वास्थ्य समन्वय समिति का गठन किया गया। इस समिति के अध्यक्ष मुख्य चिकित्सा अधिकारी हैं।
शहरी स्वास्थ्य समन्वयक अकबर हुसैन ने बताया बैठक का उद्देश्य आपसी समन्वय स्थापित कर जन समुदाय को स्वास्थ्य,स्वच्छता एवं विकास आदि की सेवाएं उपलब्ध कराना एवं चुनौतियों का सामना करने के लिए रणनीति तैयार करना है। इस समिति की बैठक हर तीन माह पर होती है। उन्होंने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। अकबर हुसैन ने कहा कि अपनी यूएचएनडी पर सामुदायिक किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित करने के लिए शिक्षा विभाग का सहयोग आवश्यक है।