कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सियासी बयानबाजी तेज हो गई हैं। इसकी बानगी कल दिखी। दरअसल, असम सीएम और बीजेपी दिग्गज नेता हिमंत बिस्वा सरमा यहां बेलगावी के शिवाजी महाराज गार्डन में 'शिव चरिते' के लिए एक रैली को संबोधित कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, मैनें अपने राज्य असम में 600 मदरसों को बंद कर दिया। बाकियों पर भी ताला लगाने का इरादा है। मदरसों की जगह स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय चाहते हैं।
इसके अलावा सरमा ने बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर भी हल्ला बोला। आरोप लगाया कि, बांग्लादेश से लोग पूर्वोत्तर राज्य में आते हैं और इसकी सभ्यता और संस्कृति के लिए खतरा पैदा करते हैं। गौरतलब है कि, पिछले साल, सरमा ने दावा था कि, असम जिहादी गतिविधियों के लिए अड्डा बन चुका है। खुफिया एजेंसियों ने बताया था कि, बांग्लादेश के एबीटी से जुड़े छह लोग गैर कानूनी तरीके से 2016-17 के बीच दाखिल हुए थे। उनका मकसद स्लीपर सेल के जरिए आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देना था।
चलते-चलते सीएम सरमा ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा, और कहा कि पार्टी ने दिखाया कि, भारत का इतिहास मुगल सम्राटों के बारे में था और कहा कि यह आज के नए मुगलों" का प्रतिनिधित्व करता है। 'कभी दिल्ली के शासक मंदिरों को तोड़ने की बात करते थे, लेकिन आज पीएम मोदी के शासन में, मैं मंदिरों के निर्माण की बात कर रहा हूं। यह नया भारत है। मैं बताना चाहता हूं कि भारत का इतिहास उनके बारे में नहीं है, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह के बारे में है।