विराट कोहली इन दिनों अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं। जिसके मद्देनजर कपिल देव ने उन्हें बाहर बिठाने तक का सुझाव दे दिया था। लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली ने उम्मीद जताई है कि, जल्द ही विराट बल्ले से कमाल दिखाएंगे।
गांगुली का कहना है कि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट कोहली ने खूब रन बनाए हैं। उनके आंकड़े खुद ही जवाब देते हैं। यह बिना क्षमता और गुणवत्ता के नहीं हो सकता। हां, पिछला कुछ समय उनके लिए कठिन रहा है और वह खुद यह बात जानते हैं। विराट खुद जानते हैं कि पिछले कुछ समय से वह रन नहीं बना पाए हैं, जो कि उनका स्टैंडर्ड नहीं है। मैं उन्हें वापसी करता हुआ देखता हूं और वह जरूर फिर से खूब रन बनाएंगे।
गांगुली ने सुझाव दिया कि, फिर से फॉर्म में वापसी के लिए विराट को एक ऐसा रास्ता खोजना होगा। जो उन्हें सफल बना सके, जैसा कि, वो पिछले 12-13 सालों से करते आ रहे हैं। केवल विराट कोहली ही ऐसा कर सकते हैं।
गांगुली ने सचिन और द्रविड़ का जिक्र करते हुए कहा कि- खेल में ये चीजें होंगी। चाहे वो सचिन तेंदुलकर हों, राहुल द्रविड़ हों या मैं, सब ऐसे दौर से गुजर चुके हैं। यह भविष्य में कई और खिलाड़ियों के साथ भी निश्चित तौर पर होगा। यह खेल का हिस्सा है।