बागपत: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के साथ ही चारू चौधरी मंगलवार (23 अप्रैल) को एक साथ मंच से मतदाताओं को साधने पहुंचे। दोनों ही जनसभा में एकसाथ पहुंचे, जबकि मुख्यमंत्री उनके बाद जनसभा स्थल पहुंचे। जनसभा स्थल पर भारी संख्या में बीजेपी व रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां समर्थक योगी-मोदी और जयंत चौधरी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए दिखे।
बागपत लोकसभा सीट से रालोद प्रत्याशी राजकुमार सांगवान भी मंच पर मौजूद रहे। वहीं बड़ौत में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले देश में धमाके होते रहते थे, जिसमें लोग भयभीत रहते थे और जान भी गंवानी पड़ती थी। मगर, अब देश में कहीं भी तेज आवाज में पटाखा फटता है तो पाकिस्तान अपनी बेगुनाही की सफाई देता हुआ नजर आता है।
एनडीए प्रत्याशी रामकुमार सांगवान के पक्ष में मांगे वोट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए के प्रत्याशी राजकुमार सांगवान के पक्ष में वोट मांगे। उन्होंने कहा कि किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह ने जिन मूल्यों और आदर्शो के लिए राजनीति की थी, वे अब धरातल पर नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का भारत रत्न देकर किसानों का सम्मान किया गया। अब किसानों को नजरअंदाज कर कोई राजनीति नहीं कर पाएगा। राज्यों में एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन कर एक मंच पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में देश में सरिया कानून लाने की तैयारी है, जो तालिबानी शासन लागू करना चाहते हैं।
60 वर्ष सत्ता में रहने वाले गरीबी दूर करने का नारा दे रहे: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि साठ साल तक देश की सत्ता में रहने वाले अब गरीबी दूर करने का नारा दे रहे हैं। सपा ने अपने परिवार वालों को टिकट बांट दिये। उन्होंने कहा कि देश में धमाके होने बंद हो गये हैं। एनडीए की यह जनसभा जनता वैदिक कालेज के मैदान पर आयोजित की गई, जिसकी तैयारियों में भाजपा व रालोद नेताओं के साथ ही पुलिस अधिकारी दिनभर जुटे रहे। रालोद-भाजपा गठबंधन ने जाट बिरादरी के डॉ. राजकुमार सांगवान को प्रत्याशी बनाया है तो सपा ने भी ब्राह्मण व बसपा ने गुर्जर को मैदान में उतारा है। वहीं इस सीट के रालोद के खाते में जाने से कुछ वोटर छिटकने का डर रालोद-भाजपा गठबंधन को सता रहा है।
बता दें कि जाटों के साथ ही अन्य बिरादरियों को एकजुट करने के लिए मतदान से ठीक पहले इस रैली को अहम माना जा रहा है। सीएम योगी और जयंत चौधरी यहां से मतदाताओं को साधने में कितने कामयाब हुए यह तो बाद में ही साफ होगा।