मौसम का हाल: बिहार में तीन नदियां उफान पर, हिमाचल में 213 सड़कें बंद; यूपी में बाढ़ जैसे हालात

नई दिल्‍ली: भारतीय मौसम विभाग ने 16 राज्‍यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार में तेज बारिश के कारण गंगा, गंडक और कोसी नदियां उफान पर हैं। नदियों के किनारे बसे कई इलाकों में बाढ़ का खतरा है। बांका में मंगलवार रात बिजली गिरने 3 लोगों की मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश के कारण 15 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। वाराणसी में 50 घाट गंगा में समा चुके हैं। यहां NDRF तैनात है। कानपुर में गंगा खतरे के निशान को पार कर गई है। हिमाचल प्रदेश में बारिश और लैंडस्लाइड के चलते 213 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को देश के 22 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। कई राज्यों में बिजली गिरने का भी अलर्ट है।

15 अगस्त को 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, 15 अगस्त को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल में भारी से भारी बारिश (12 सेमी) का अलर्ट है। अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, झारखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, जम्मू, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश (7 सेमी) की चेतावनी है।