PM Modi Slams Congress: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि जब तक वह जीवित हैं दलितों, आदिवासियों और ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को धर्म के आधार पर नहीं देने देंगे. पीएम मोदी ने यह बात कांग्रेस के इस आरोप पर कही कि भाजपा संविधान को बदल देगी और आरक्षण खत्म कर देगी.
“धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं देने दूंगा”
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने (अविभाजित आंध्र प्रदेश में) सत्ता में रहने के दौरान, पिछड़ा वर्ग का आरक्षण मुसलमानों को देकर राज्य को तुष्टीकरण की प्रयोगशाला बना दिया. जहीराबाद लोकसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, जब तक मोदी जिंदा है, मैं दलितों, आदिवासियों और ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को धर्म के आधार पर नहीं देने दूंगा.
कांग्रेस ने रातोंरात मुस्लिमों को आरक्षण दिया
उन्होंने दावा किया कि जब 2004 और 2009 में, अविभाजित आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के रिकॉर्ड संख्या में सांसद एवं विधायक थे, उसने पिछड़ा वर्ग का आरक्षण मुसलमानों को दे दिया था. पीएम ने आगे कहा कि तेलंगाना में 26 जातियां लंबे समय से ओबीसी का दर्जा मांग रही हैं लेकिन कांग्रेस ने इसे मंजूरी नहीं दी बल्कि रातोंरात मुसलमानों को ओबीसी में श्रेणीबद्ध कर दिया.
“इंदिरा गांधी ने संविधान को चूर-चूर कर दिया”
प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि शहजादे की दादी (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी) ने संविधान को चूर-चूर कर दिया और देश में आपातकाल लगा दिया. लाखों लोगों को जेल में डाल दिया.
पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने संविधान का अपमान किया और इसका दूसरा सबसे बड़ा अपमान उनकी (राहुल की) दादी (इंदिरा गांधी) ने किया. शहजादा के पिता देश में अखबारों को डराने के लिए एक कानून लाये, जिसका भाजपा और मीडिया ने विरोध किया तब इस कदम को उन्हें रोकना पड़ा था.