लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन मोदी की गारंटी है। डबल इंजन सरकार द्वारा आधी आबादी को पूरा अधिकार दिया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार बेहद संवेदनशील है। महिलाओं को और अधिक सबल व सक्षम बनाने के लिए नए संसद भवन में सबसे पहले नारी शक्ति वन्दन अधिनियम को मंजूरी दी गई है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को ऑनलाइन संबोधन कार्यक्रम के अवसर पर बुधवार को लखनऊ के मोहनलालगंज ब्लाक में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों को संबोधित कर रहे थे। पश्चिम बंगाल में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी के वर्चुअल संबोधन को प्रदेश के सभी विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा सुना गया।
स्वयं सहायता समूहों के विचारों को भी किया साझा
मोहनलालगंज ब्लाक में भी आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मौर्य सहित स्वयं सहायता समूहों ने मौजूद रहकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने विकास खण्ड के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए गए उल्लेखनीय व उत्कृष्ट कार्यो के लिए प्रमाण पत्र वितरित कर दीदियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को सम्बोधित किया व स्वयं सहायता समूहों के विचारों को भी साझा किया।
महिला सशक्तिकरण व स्वावलंबन के लिए केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा उठाए गये क्रान्तिकारी कदमों व सरकार द्वारा लिये गये साहसिक व ऐतिहासिक फैसलों की जानकारी उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में 4 करोड़ से अधिक व प्रदेश में लगभग 56 लाख पक्के मकान गरीबों को दिए गए हैं, इसमें 75 प्रतिशत से अधिक आवास महिलाओं के नाम पर हैं। देश में 10 करोड़ से अधिक निःशुल्क गैस कनेक्शन महिलाओं को दिये गये हैं।
विकसित भारत बनाने के लिए तेजी से हो रहा काम
उन्होंने कहा कि विधानसभाओं व लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिलाया जाएगा। देश में 80 करोड़ लोगों को व प्रदेश में लगभग 16 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राशन दिया जा रहा है, आगे भी 5 साल तक दिया जाता रहेगा। देश को 100 साल आगे ले जाने व विकसित भारत बनाने के लिए मोदी जी के नेतृत्व में तेजी से काम हो रहा है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने उपस्थित सभी समूहों का आह्वान किया कि वह नमो ऐप जरूर डाउनलोड करें, इससे महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल होती रहेंगी। उन्होंने बीसी सखी व विद्युत सखियों सहित अन्य सखियों के कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि इससे न केवल महिलाओं का आजीविका संवर्धन हो रहा है बल्कि महिलाओं की अपनी पहचान बनी है, महिलाओं का समाज में सम्मान भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह अब राष्ट्र सहायता समूह बनकर उभर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी द्वारा देश में 3 करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है और इस दिशा में बहुत तेजी के साथ काम हो रहा है। जब लखपति दीदी गांव -गांव में होंगी, तब देश की तस्वीर व तकदीर बदली नजर आएगी।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर मोहनलालगंज के विधायक अमरेश रावत, विनय प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मिशन निदेशक श्रीमती दीपा रंजन, मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ, संयुक्त निदेशक ग्रामीण आजीविका मिशन जन्मेजय शुक्ला सहित जिले के अन्य अधिकारी व भारी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की दीदियां मौजूद रहीं।