लखनऊ में योगी आदित्यनाथ ने किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ, तिरंगे के साथ ली सेल्फी

लखनऊ/ शामली : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 13 से 15 अगस्त का शुभारंभ किया. राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुनों के बीच मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया, फिर अपने आवास से यात्रा को रवाना किया. सीएम ने युवाओं का अभिनंदन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं. वहीं शामली में हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम मे संतोषजनक प्रगति न होने पर भड़के डीएम, बीएसए पर गिरी गाज एक दिन का वेतन रोकने के दिए निर्देश.

योगी ने कहा कि, हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा के माध्यम से इसे हम सभी देख रहे हैं कि तिरंगा यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि भारत मां, महापुरुषों, क्रांतिकारियों और वीर सैनिकों के प्रति हमारी कृतज्ञता भी है. हर गांव, नगर, जनपद में तिरंगा यात्रा इसका उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है. यूपी में भी हर घर तिरंगा, सेल्फी विद तिरंगा से जुड़ रहे हैं. देश और सैनिकों के सम्मान तथा आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा हर भारतीय के घर में लहराया जाना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत के शौर्य, पराक्रम, सामर्थ्य और शक्ति को दुनिया ने देखा है. सामाजिक एकता को छिन्न-भिन्न करने का कुत्सित प्रयास करने वालों तथा समाज, क्षेत्र, भाषा, जाति समेत अनेक वादों के नाम पर बांटने वाले तत्वों को बेनकाब करें.

शामली में डीएम ने क्यों रोका वेतन : देशभर में 2 से 15 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारियों को सभी विभागों को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं. इसी क्रम में शामली के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने विकास भवन में अभियान की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान संतोषजनक प्रगति न मिलने पर उन्होंने कई विभागों को कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिया कि अभियान की सफलता के लिए पूरी क्षमता से कार्य किया जाए.

बैठक के दौरान जब शिक्षा विभाग की बारी आई, तो जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनुपस्थित पाए गए. इस पर नाराज होकर डीएम ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए. साथ ही, उन्होंने प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा बैठक उनकी अध्यक्षता में आयोजित करने के निर्देश दिए. डीएम ने शहरी क्षेत्र में अधिशासी अधिकारियों और ग्रामीण क्षेत्रों में डीपीओ को अभियान के तहत साफ-सफाई और अन्य तैयारियां तेज करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्देशों के अनुपालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे.