1st Nov Ad

श्रीराम का मंदिर आगमन, पौधों व फूलों से योगी सरकार ने सजा दिया घर-आंगन

रामपथ, धर्मपथ की दिव्यतम शोभा से दिलों को भा रही अयोध्या

अयोध्या: 22 जनवरी को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की अपने दिव्य-भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा होगी। 140 करोड़ भारतवासियों के दिल में यह आयोजन त्रेतायुगीन वैभव की अनुभूति कराए, इसके लिए योगी सरकार पुरजोर मेहनत कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद भी यहां का निरंतर दौरा कर जमीनी हकीकत से रूबरू हो रहे हैं। श्रीराम के मंदिर में विराजमान होने को देखते हुए योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन व विभागीय अधिकारियों की समीक्षा की थी। उनके निर्देश पर वन विभाग भी रामनगरी को दिव्यतम अयोध्या के रूप में सजा रहा है। वन विभाग की टीम हरित अयोध्या के निर्माण में जुटी है। धर्मपथ हो या रामपथ, इसे इतने खूबसूरत ढंग से सजाया गया है कि पहली ही नजर में अयोध्या आंखों और दिल को भा जाए।

सआदतगंज से नया घाट को जोड़ने वाले राम पथ पर वन विभाग की तरफ से तेजी से सुंदरीकरण का कार्य कराया गया है। इस पथ पर तीन किमी. मार्ग के मध्य डिवाइडर में बौगेनवेलिया का रोपण किया गया है। बौगेनवेलिया के चार रंग (गुलाबी, बैंगनी, सफेद व भगवा) से राम पथ को सुसज्जित किया गया है। राम पथ के दोनों तरफ सड़क के किनारे सीमेंट गार्ड से सुरक्षित टेरोरोजिया का रोपण किया जा रहा है।