आपको गर्मी से मिलेगी राहत, जानें आपके राज्‍य में कब दस्‍तक देगा मानसून

नई दिल्‍ली: वर्तमान में भीषण गर्मी से जूझ रहे आधे से अधिक भारत को अब मानसून का इंतजार है, जो 29 मई से 30 मई के बीच कभी भी देश की सीमा में प्रवेश कर सकता है। यानी 24 घंटे के अंदर केरल में मानसून की दस्तक हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान केरल में मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

मौसम विभाग का भी मानना है कि केरल में इस बार मानसून समय से पहले दस्तक दे रहा है। राज्य में मानसून की सामान्य तारीख एक जून है। हालांकि, इसमें 3-4 दिन आगे या पीछे होना भी सामान्य माना जाता है। मौसम विभाग की मानें तो इस बार 30 मई को केरल में मानसून की दस्तक हो सकती है। इसके बाद राज्य में झमाझम बारिश देखने को मिलेगी।

मानसून के लिए हैं सकारात्‍मक संकेत

मौसम विभाग की मानें तो देश में अल नीनो प्रणाली कमजोर हो रही है और ला नीना स्थितियां सक्रिय हो रही हैं, जो इस साल अच्छे मानसून के लिए अनुकूल है। इसी के चलते भारत में मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है। वहीं, ला नीना के साथ-साथ हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) स्थितियां भी इस साल अच्छे मानसून के लिए अनुकूल हो रही हैं, जो मानसून के लिए सकारात्मक संकेत हैं।

आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून के आस-पास केरल में प्रवेश करता है। सामान्य तौर पर ये उछाल के साथ उत्तर की ओर बढ़ता है और 15 जुलाई के आसपास पूरे देश को कवर कर लेता है। इससे पहले 22 मई मानसून अंडमान निकोबार में दस्तक देता है। इस बार अंडमान में मानसून का आगमन सामान्य से 3 दिन पहले, 19 मई को हो गया है। हालांकि, मानसून के इंतजार में बैठे उत्तर-भारत के लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। दिल्ली-एनसीआर में 30 जून से 2 जुलाई के बीच मानसून की बौछारें गर्मी की तपिश से राहत दे सकती हैं। वहीं यूपी में 18 से 20 जून के बीच मानसून के दस्तक देने की संभावना है।

कुछ ही राज्‍यों को मिलेगी राहत

इस बीच भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे दिल्ली समेत उत्तर पश्चिम भारत के इलाकों को 30 मई के बाद राहत मिल सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के हिस्सों में भीषण लू चल रही है और ये अगले तीन दिन जारी रह सकती है, लेकिन 30 मई को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, यह राहत अस्थायी होगी और जून में दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। जून में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, यूपी, गुजरात के कुछ हिस्सों और उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य से ज्यादा दिनों तक तेज लू चल सकती है।