बिजनौर: उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आज बिजनौर जिले का दौरा करेंगे. सीएम आज दोपहर करीब 2 बजे पहुंचेंगे. वर्धमान डिग्री कॉलेज के मैदान में योगी जनसभा को सम्बोधित करेंगे. योगी आदित्यनाथ बिजनौर और चांदपुर विधान सभाओं की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे. वहीं 18 जुलाई को अमरोहा और बुलंदशहर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा है. जहां करोड़ों की विकास परियोजनाओं को सीएम सौगात देंगे.
सीएम के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली है. डीएम जसजीत कौर ने तैयारियों और निरीक्षण का जायजा लिया. डीएम ने बताया कि सीएम कल दोपहर लगभग 1.30 बजे बिजनौर पहुंचेंगे. सीएम सबसे पहले हेलीकॉप्टर से बिजनौर पुलिस लाइन में उतरेंगे और इसके बाद पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचेंगे, जहां पर सूक्ष्म जलपान के बाद वह सभा स्थल के लिए रवाना होंगे. सीएम बिजनौर और चांदपुर विधानसभा को 1,000 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे. कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे.
वहीं जनसभा स्थल पर सादी वर्दी में भी पुलिस को लगाया गया है. सीएम के दौर में किसी भी तरह की कोई चूक ना हो इसको लेकर एसपी अभिषेक झा ने फोन पर बताया कि भारी संख्या में सभा स्थल पर पुलिस फोर्स के साथ पीएसी के जवानों को भी लगाया गया है.
चप्पे-चप्पे पर सादी वर्दी में भी पुलिस सुरक्षा के लोग लगे हुए हैं. किसी प्रकार की कोई अनहोनी ना हो इसके लिए ड्रोन से भी नज़र रखी जा रही है. साथ ही आने-जाने वाले सभी लोगों की चेकिंग की जा रही है.