यूपी में अगले 3 दिन झमाझम बारिश के आसार, 40 जिलों में बारिश का अलर्ट

लखनऊ: यूपी में मानसून फिर तेज रफ्तार पकड़ने जा रहा है. मौसम विभाग ने आज से अगले तीन दिनों तक झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने यह अलर्ट 40 जिलों के लिए जारी किया है. चलिए जानते हैं आज के मौसम के मिजाज के बारे में.

मौसम विभाग ने जारी किया ये अलर्ट: उत्तर प्रदेश में दक्षिणी पश्चिमी मानसून आज फिर से सक्रिय हो रहा है. जिसके कारण उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आज भारी से ज्यादा भारी और कुछ इलाकों में तेज बारिश होने का अलर्ट मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसूनी द्रोणी वापस उत्तर प्रदेश की ओर खिसकने के कारण आगामी 2-3 दिनों तक उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है.

उत्तर प्रदेश में 1 जून से 16 जुलाई तक अनुमानित बारिश 229.4 मिलीमीटर के सापेक्ष 167.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 27% कम है. वहीं पिछले 24 घंटे में अनुमानित बारिश 9.4 मिमी के सापेक्ष 1.7 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 82% कम है.

इन जिलों में हो सकती है बारिश: सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली ,अमेठी, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर बस्ती, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, कुशीनगर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

लखनऊ में बारिश का अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

राजधानी लखनऊ में गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छा गए और लगभग 45 मिनट तक तेज बारिश हुई. इसके बाद दिन में भी कई बार बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश होती रही.

बांदा सबसे गर्म जिला: गुरुवार को प्रदेश का बांदा सबसे गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट निम्नदाब क्षेत्र के प्रभाव से प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता बढ़ी है. प्रदेश के पूर्वी भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण के साथ मानसूनी द्रोणी के अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर में तराई की ओर से गुजरने के कारण प्रदेश में बादलों की आवाजाही के बीच थंडरस्टार्म के साथ हो रही छिटपुट वर्षा गतिविधियों में 17 जुलाई के उपरान्त प्रदेश में मानसूनी सक्रियता बढ़ने से प्रदेश में बारिश में व्यापक वृद्धि और तापमान में प्रभावी गिरावट के कारण प्रदेश में पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की सम्भावना है.