लखनऊ/बागपत: दक्षिणी पश्चिमी मानसून अगस्त में पूर्वी उत्तर प्रदेश पर ज्यादा मेहरबान रहा. पूर्वी-दक्षिणी यूपी के कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी से अधिक भारी बारिश हुई. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई. चलिए जानते हैं आज के मौसम के बारे में.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 2 दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा. वहीं 48 घंटे बाद मौसम में मानसून की सक्रियता कम होगी जिससे धीरे-धीरे बारिश का सिलसिला कम होना शुरू हो जाएगा.
बागपत में झमाझम: मंगलवार शाम जिले में मौसम ने अचानक करवट ली और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. तेज बारिश के चलते शहर से लेकर कस्बों तक की सड़कें जलमग्न हो गईं और कई स्थानों पर सड़कें नहर की तरह पानी से लबालब नजर आईं. बारिश के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. रेलवे रोड और पाठशाला रोड पर कई फीट तक पानी भर गया.
अनुमानित बारिश: प्रदेश में लगातार हो रही बारिश इस साल अनुमानित बारिश से मात्र 13 प्रतिशत ही कम रही है. बारिश का ये आंकड़ा 1 जून से 30 जुलाई तक अनुमानित बारिश से 25% कम था जो अब घट कर 13% रह गया है. वहीं पूरी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश का आंकड़ा लगभग 30% कम था जो कि अब 20% रह गया है.
13 प्रतिशत कम हुई बारिश: यूपी में 1 जून से लेकर 25 अगस्त तक अनुमानित बारिश 556.2 मिली मीटर के सापेक्ष 483.7 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 13% कम है. वहीं पिछले 24 घंटे में अनुमानित बारिश 7.8 मिली मीटर के सापेक्ष 16.7 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 114% अधिक है.
पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में 46.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं अयोध्या में 28.3, आजमगढ़ में 81.4, बहराइच में 22.2, बस्ती में 7.6, भदोही में 19.2, चंदौली में 59, फर्रुखाबाद में 24.7, गोंडा में 16.6, गाजीपुर में 39.7, जौनपुर में 24.4, कन्नौज में 14.8, मिर्जापुर में 34, प्रतापगढ़ में 40, प्रयागराज में 17, रायबरेली में 12, संत कबीर नगर 20, श्रावस्ती 34.5, सोनभद्र 69.5, सुलतानपुर 77, वाराणसी 123.9 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भागों में भारी से अधिक भारी बारिश और अन्य जिलों में भारी तो कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है.
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी: ललितपुर, झांसी, जालौन, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, वाराणसी, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, देवरिया, बलिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, बस्ती, सुल्तानपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, फतेहपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद आगरा और आसपास के जिलों में भारी बारिश हो सकती है.
लखनऊ में हो सकती बारिश: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
मेरठ सबसे गर्म जिला: मंगलवार को उत्तर प्रदेश का मेरठ सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई में 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस कम है.