इटावा: जिले में नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. मामला जसवंतनगर के बलरई थाना क्षेत्र के एक गांव का है. बच्ची ने बुधवार सुबह अपने पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. आरोप है कि सोमवार शाम बच्ची खेलकर अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान आश्रम के पास मौजूद एक युवक ने उसे पकड़ लिया और खेत की तरफ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया.
घटना के बाद बच्ची मंगलवार दोपहर अपने घर पहुंची. बुधवार सुबह उसने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी. परिजनों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. सीओ सैफई कुशल पाल, बलरई थाना प्रभारी आलोक कुमार और बढ़पुरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. बच्ची की मेडिकल जांच भी कराई गई है.
सीओ सैफई कुशल पाल पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी छेड़छाड़ के एक मामले में जेल जा चुका है. जमानत पर बाहर आने के बाद उसके साधु के भेष में घूमने की बात सामने आई है. पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. पुलिस बच्ची के परिवार की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है. उसकी मां की करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि पिता मजदूरी करते हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने बच्ची के पारिवारिक हालात का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम तो नहीं दिया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं. मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.