लखनऊ: यूपी में मई के महीने में जहां भीषण गर्मी पड़ती हैं वहीं इस बार इसकी शुरूआत बारिश से हो रही है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसके कारण सोमवार से कई जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली-ओले गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है. प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी. जिससे भीषण गर्मी से प्रदेशवासियों को राहत मिलेगी. सोमवार को आगरा, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, सहित कई जगहों पर झमाझम चालू.
अलीगढ़ में आंधी-पानी: अलीगढ़ में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. देर रात से शुरू हुई बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं ठंडी हवाओं और काले घने बादलों का डेरा रहा. दिनभर उमस और तेज धूप से परेशान लोग इस बदलाव से राहत महसूस करते नजर आए. रविवार देर रात अचानक तेज आंधी-तूफान आया, जिससे कई इलाकों में धूल भरी हवाएं चलीं. इसके बाद ही बारिश शुरू हो गई, जो सोमवार सुबह तक रुक-रुक कर जारी रही.
कानपुर में तेज ठंडी हवाओं संग झमाझम: कानपुर शहर में एक बार फिर मौसम का यू-टर्न सोमवार सुबह से ही देखने को मिला. सुबह से ही तेज ठंडी हवाओं संग बारिश के चलते शहर के मौसम का मिजाज बदल गया और गर्मी छूमंतर हो गई. मौसम विशेषज्ञ का कहना है, फिलहाल इस तरह की स्थिति मंगलवार तक बनी रहेगी, रुक-रुक कर बारिश होगी, साथ ही हवाएं भी तेज गति से चलेंगी.
झोंकेदार हवा की संभावना इन क्षेत्र में अधिक: कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आस पास के क्षेत्र में चेतावनी.
लखनऊ का मौसम: राजधानी लखनऊ में रविवार को सुबह करीब 5 बजे तेज बारिश शुरू हुई, जो कि लगभग आधा घंटा तेज बारिश हुई. वहीं दिन में आसमान साफ रहा. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को गरज चमक के साथ बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चल सकती है. कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी संभावना है.
उरई सबसे गर्म: रविवार को भी उत्तर प्रदेश का उरई सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आज से उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने के साथ-साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गिरफ्तार से हवा चल सकती है. वहीं कुछ जिलों में ओले गिरने की भी संभावना है. मौसम का सिलसिला आगामी 2 से 3 दिनों तक जारी रहेगा.