उन्नाव: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज उन्नाव का दौरा करेंगे. 18 जून 2026 को जनपद उन्नाव के थाना कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित भौनीखेड़ा (भवानीखेड़ा) गांव में प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होंगे.
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं. मुख्यमंत्री अपने दौरे पर कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर बुधवार को कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान कार्यक्रम में ड्यूटी पर लगाए गए समस्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर ब्रीफ किया गया.
ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की.
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए. आमजन को न्यूनतम असुविधा हो. साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए उन्नाव पुलिस द्वारा विशेष यातायात डायवर्जन योजना भी लागू की गई है. पुलिस प्रशासन के अनुसार 18 जून को सुबह 6:30 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर वाहनों का आवागमन निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले वाहनों पर यह डायवर्जन व्यवस्था लागू नहीं होगी. कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को निर्धारित मार्गों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की अनुमति रहेगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है. कार्यक्रम के माध्यम से जनपद को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.
जिलाधिकारी उन्नाव घनश्याम मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं.
उन्नाव पुलिस और जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यातायात डायवर्जन के कारण यात्रा करने वाले लोग समय से पहले अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें.