लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय न होने के कारण भीषण गर्मी में वृद्धि हुई है. बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में छिटपुट बारिश होने के बावजूद भीषण गर्मी से प्रदेशवासियों को राहत नहीं मिली है.
बुधवार को प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर और हमीरपुर में हल्की बारिश हुई. इसके साथ ही प्रयागराज, वाराणसी, बहराइच और सोनभद्र जिलों में हीट वेव भी चली. इसके अतिरिक्त प्रदेश के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है.
मौसम में नमी और आसमान साफ होने के कारण तेज धूप खिल रही है, जिससे उमस भरी गर्मी में वृद्धि हुई है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले 5 दिनों तक भीषण गर्मी जारी रहेगी. कुछ स्थानों पर हीट वेव चल सकती है.
भीषण गर्मी वाले टॉप 10 जिले
- प्रयागराज 45 डिग्री सेल्सियस
- वाराणसी 42.8 डिग्री सेल्सियस
- सोनभद्र 42 डिग्री सेल्सियस
- बहराइच 41 डिग्री सेल्सियस
- झांसी 42 डिग्री सेल्सियस
- हमीरपुर 41 डिग्री सेल्सियस
- कानपुर देहात 41.6 डिग्री सेल्सियस
- कानपुर नगर 40 डिग्री सेल्सियस
- बाराबंकी 40 डिग्री सेल्सियस
- बलिया 40 डिग्री सेल्सियस
- बांदा 41 डिग्री सेल्सियस
उष्ण लहर (लू) की संभावना: प्रदेश के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आस पास के क्षेत्रों में लू की संभावना है.
राजधानी का मौसम: राजधानी लखनऊ में बुधवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा. दिन में तेज धूप निकली. लखनऊ में भी उमस भरी गर्मी जारी रही. मंगलवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई.
अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 1. 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है. मौसम में अधिकतम आर्द्रता 62 और न्यूनतम आर्द्रता 32% रिकॉर्ड की गई.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ रहेगा. दिन में तेज धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान मे एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है
प्रयागराज सबसे गर्म रहा: लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म जिला प्रयागराज बना हुआ है. प्रयागराज में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम विज्ञान विभाग के डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि प्रयागराज और वाराणसी बुधवार को लगातार दूसरे दिन देश के सबसे गर्म शहर रहे. इसी के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र और बहराइच में आज उष्ण लहर यानी लू की चपेट रहेगी.
प्रदेश में यदा-कदा थंडरस्टार्म के साथ कहीं कहीं बूंदा-बांदी/छिटपुट वर्षा की संभावना के बावजूद आगामी 5 दिनों के दौरान क्रमिक बढ़ोत्तरी के साथ ऊष्ण लहर (लू) की स्थितियां जारी रहने की संभावना है. इसी क्रम में अभी उत्तर प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं.