कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी का टाइम टेबल जारी, 16 अप्रैल से शुरू होगा नियमित संचालन

बदायूं/बरेली: दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा शुरू होने की लंबे समय से चली आ रही मांग सोमवार को पूरी हो गई। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं से दिल्ली से सीधी रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत बरेली-नई दिल्ली-बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस (14315/14316) का संचालन विस्तार बदायूं और कासगंज तक कर दिया गया है। अब इस ट्रेन का नाम कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी हो गया है। 16 अप्रैल से ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। रेलवे ने समय सारिणी जारी कर दी है।

बदायूं रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में विशेष गाड़ी 05303 को केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कासगंज, उझानी और बदायूं क्षेत्र के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है, इससे आमजन को दिल्ली सहित प्रमुख शहरों तक सुगम, सुरक्षित और किफायती यात्रा की सुविधा मिलेगी।

आवागमन में होगी सहूलियत 
उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी, वहीं व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं में हो रहे सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे लगातार यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कार्य कर रहा है।

वहीं, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि इस विस्तार से कासगंज, बदायूं और उझानी के यात्रियों को बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली तक सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है। इससे व्यापार, इलाज, रोजगार और शिक्षा के लिए यात्राएं और आसान हो जाएंगी।

बरेली तक ट्रेन में केंद्रीय मंत्री ने किया सफर
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, एमएलसी वागीश पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, शारदेंदु पाठक, विश्वजीत गुप्ता, अनुभव उपाध्याय, शिव स्वरूप गुप्ता समेत तमाम भाजपाइयों ने बरेली तक ट्रेन में सफर किया। केंद्रीय मंंत्री ने यात्रियों से मिलकर उनसे हाल भी पूछा व आम लोगों के साथ जनरल डिब्बे में सफर भी किया।

दिल्ली अब दूर नहीं, लखनऊ तक जल्द सीधी ट्रेन
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली अब दूर नहीं है। वहीं लखनऊ तक जल्द ही सीधी ट्रेन का संचालन कराया जाएगा। इसके लिए रेल मंत्री से लगातार बात चल रही है। उन्होंने कहा बदायूं में ट्रेन संचालन बढ़ाने के लिए रेलवे लाइनों का दोहरीकरण कराने के लिए भी प्रयास चल रहा है। आगामी मई माह से गंगा एक्सप्रेस-वे का संचालन शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही शहर में बाइपास बनाने का काम भी शुरू होने वाला है। बरेली-मथुरा हाईवे फोरलेन का काम भी तेजी से चल रहा है।

16 अप्रैल से प्रतिदिन होगा ट्रेन का संचालन
रेलवे की जारी नई समय-सारणी के अनुसार 14316 नई दिल्ली-कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस 16 अप्रैल से प्रतिदिन नई दिल्ली से शाम 4:35 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन पूर्व निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव करते हुए रात 10:00 बजे बरेली, 10:45 बजे बदायूं, 11:00 बजे उझानी तथा 11:32 बजे सोरों शूकर क्षेत्र पहुंचेगी और वहां से चलकर अगले दिन रात 12:10 बजे कासगंज पहुंचेगी। इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

17 अप्रैल से कासगंज से नई दिल्ली वापसी शुरू
वापसी यात्रा में 14315 कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 17 अप्रैल से नियमित रूप से संचालित होगी। यह ट्रेन कासगंज से तड़के 2:50 बजे प्रस्थान कर 3:08 बजे सोरो शूकर क्षेत्र, 3:37 बजे उझानी, 3:55 बजे बदायूं और 4:55 बजे बरेली पहुंचेगी। इसके बाद यह पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 10:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

18 कोच के साथ चलेगी इंटरसिटी एक्सप्रेस
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआरडी, 5 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 9 आरक्षित द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान तथा 2 वातानुकूलित कुर्सीयान कोच शामिल होंगे। इससे यात्रियों को बैठने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।