गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को बड़ी सौगात दी. इस मौके पर उन्होंने कहा कि, विकास कार्यों की श्रृंखला से अब गोरखपुर बदलता दिखाई दे रहा है. यहां का हर मार्ग फोरलेन से जुड़ रहा है, बड़े पैमाने पर फ्लाईओवर और ओवरब्रिज बन रहे हैं. विकास कार्यों और इससे आई जीवन सुगमता से गोरखपुर की नई पहचान बनी है.
70 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग के ग्रीन सिटी मोड़ स्थित नवनिर्मित सड़क के प्रारंभिक स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर लोकार्पण किया. इस अवसर पर उन्होंने लोकार्पण शिलापट्ट का भी अनावरण किया. लोकार्पण के बाद वह इसी मार्ग से सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे. सड़क की सौगात मिलने से स्थानीय नागरिकों ने लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जोरदार स्वागत किया. 1.8 किमी की लंबाई में करीब 70 करोड़ करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग- 24 (सोनौली नौतनवां गोरखपुर) से निकलकर यह सड़क ग्रीन सिटी, पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है.
सरकार का संकल्प: सीएम योगी ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया. नेताजी सुभाषचंद्र नगर में एसटीपी के समीप स्थित मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में बहुत पहले से लोग रह रहे थे. कई स्कूल भी यहां बने हुए हैं पर सड़क चौड़ी न होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. भारी वाहन इधर नहीं आ पाते थे. करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से लगभग दो किलोमीटर तक इस सड़क के बन जाने से अनेक समस्याओं का समाधान हो गया है. उन्होंने कहा कि, विकास ही सरकार का संकल्प है.
शहर से बाहर जाने की राह आसान: मुख्यमंत्री ने ग्रीन सिटी-माधोपुर बंधा तक नवनिर्मित सड़क का महत्व बताते हुए कहा कि इस मार्ग की कनेक्टिविटी से अब वाराणसी, लखनऊ, नेपाल, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बलरामपुर आदि स्थानों पर जाने वालों को शहर के अंदर जाने की जरूरत नहीं होगी. राजघाट से होते हुए हाबर्ट बंधा-माधोपुर तटबंध फोरलेन हो रहा है. डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर भी बनेगा. लोग यहां से होते हुए डोमिनगढ़ फोरलेन बाईपास पकड़कर कालेसर जाकर लखनऊ मार्ग पर पहुंच जाएंगे. ऐसे ही नेपाल, सोनौली की तरफ जाना हो तो महेसरा होकर जाने की सुविधा मिल जाएगी.
सड़क लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों को सावन शिवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दी. साथ ही देवाधिदेव महादेव भगवान भोलेनाथ से सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की. सड़क के लोकार्पण समारोह में प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, समेत तमाम जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे.