लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद की मर्यादा गिरा रहे हैं और छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ब्रजेश पाठक ने ये बातें कहीं. प्रेस वार्ता में बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, प्रदेश मीडिया संयोजक मनीष दीक्षित मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी और सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे मौजूद रहे.
ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी को गृह मंत्री अमित शाह हर बात का जवाब देंगे, वह भागें नहीं. गृहमंत्री सदन में सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं. केंद्र सरकार ने यह बात पहले ही स्पष्ट कर दी है. उनके अनुसार राहुल गांधी पहले शिक्षा मंत्री से इस्तीफे और चर्चा की मांग करते थे. जब इस्तीफा हुआ, चर्चा हुई और कड़े कानून भी बने, तब भी वह चर्चा से दूर रहे और मुद्दे को भटका दिया. अब वह “नया गोलपोस्ट” लेकर गृहमंत्री से जवाब मांग रहे हैं.
उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं, लेकिन झारखंड और रांची नहीं जा रहे. “झारखंड में आपकी सरकार झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ है. वहां छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ। पूरा देश जानना चाहता है कि आप झारखंड के विद्यार्थियों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों कर रहे हैं? वहां के मंत्रियों से इस्तीफे की मांग आपने एक बार भी नहीं की.
पाठक ने जंतर-मंतर और रांची के प्रदर्शन की तुलना करते हुए कहा कि दोनों में जमीन-आसमान का अंतर है. “जंतर-मंतर पर धरना हो रहा है, कोई गाली नहीं दे रहा. वहीं रांची में युवा शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे. वहां जो हुआ उसने मानवता को शर्मसार कर दिया. सरकार के छक्के छूट गए, फिर भी राहुल गांधी के मुंह से एक शब्द नहीं निकला. यह सब उनके इशारे पर हो रहा है. वह युवाओं और विद्यार्थियों को खत्म करना चाहते हैं.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और दमन के खिलाफ है. हमारे प्रधानमंत्री ने Gen Z से सीधे संवाद किया और उनके मंचों का इस्तेमाल किया. हमारे शिक्षा मंत्री को भी इस्तीफे देने पड़े जब जरूरत पड़ी, लेकिन झारखंड में जो हुआ उसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. अंत में ब्रजेश पाठक ने मांग की कि राहुल गांधी झारखंड के छात्रों से माफी मांगें और दोगली राजनीति बंद करें. उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार युवाओं के साथ खड़ी है और छात्रों के भविष्य के लिए कड़े कानून बनाएगी.