आगरा: रेलवे ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर आगरा से दिल्ली के लिए पार्सल की बुकिंग बंद कर दी है. स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर रेलवे ने ये आदेश जारी किया है. जिसमें नई दिल्ली के 5 प्रमुख स्टेशन पर 12 से 15 अगस्त तक पार्सल की बुकिंग और हैंडलिंग नहीं होगी. इसके बाद 16 अगस्त से पहले की तरह पार्सल की बुकिंग शुरू होगी. इस दौरान यात्रियों को केवल यात्री डिब्बे में निजी सामान ले जाने की अनुमति होगी. आगरा की बात करें तो हर दिन 6000 से अधिक पार्सल की बुकिंग होती है.
बता दें कि आगरा के अलग-अलग स्टेशन से आगरा कैंट, मथुरा और आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन से हर दिन 5500 पार्सल की बुकिंग होती है. जिनमें आगरा कैंट स्टेशन से सबसे अधिक 2000 पार्सल की बुकिंग होती है. जो दिल्ली के अलग स्टेशन के होते हैं.

रेल मंत्रालय ने नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों के लिए पार्सल की बुकिंग और हैंडलिंग पर रोक लगाई है. जिसमें 12 अगस्त से इन 5 स्टेशनों पर लीज पर संचालित द्वितीय श्रेणी लगेज रैंक डिब्बा, पार्सल बैन और डिमांड पार्सल बैन सहित सभी प्रकार के आवक-जावक पार्सल यातायात पर प्रतिबंध रहेगा.
पार्सल गोदाम और प्लेटफार्म को पार्सल पैकेज, पैकिंग सामग्री से मुक्त रखा जाएगा. इस अवधि में यात्रियों को केवल यात्री डिब्बे में निजी सामान ले जाने की अनुमति होगी. पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग निर्धारित वाणिज्यिक औपचारिकताओं और सुरक्षा प्रोटोकाल के पालन के बाद ही की जा सकेगी.
DRM गगन गोयल ने बताया कि मुख्यालय से मिले निर्देश पर आगरा के सभी स्टेशन से पार्सल की बुकिंग बंद कर दी है. जिसमें प्रतिबंध दिल्ली क्षेत्र से चलने वाली गाड़ियों के साथ-साथ अन्य रेलवे जोन और मंडलों से आने वाली उन गाड़ियों पर भी लागू रहेगा. जो उक्त स्टेशनों पर पार्सल की लोडिंग या फिर अनलोडिंग के लिए रुकती हैं. रेल प्रशासन ने यात्रियों और पार्सल ग्राहकों से स्वतंत्रता दिवस के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है. 16 अगस्त से पार्सल की बुकिंग शुरू होगी.