गोरखपुर: गुरुवार की शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास करने के बाद सोमवार सुबह जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की. उन्होंने समस्या लेकर आए लोगों की बात ध्यान से सुनी, उनके प्रार्थना पत्र आत्मीयता से बोले, घबराइए मत, आपकी समस्या का समाधान जरूर कराया जाएगा. जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पीड़ितों की समस्या का समाधान किया जाए. इसमें हीला हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
200 लोगों से मुलाकात: सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में सामने आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका समाधान करने के निर्देश दिए. कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे. अपनेपन के भाव में ‘कहां से आए हैं, क्या बात है’, कहते हुए एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं. भरोसा दिया कि वह सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएंगे. किसी को भी परेशान होने या घबराने की आवश्यकता नहीं है. प्रार्थना पत्रों को उन्होंने अधिकारियों को देते हुए निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद होना चाहिए. कुछ लोगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायत पर उन्होंने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए.
इलाज में मदद का भरोसा: हर बार के जनता दर्शन की तरह सोमवार को भी कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का अनुरोध लेकर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भरोसा देते हुए कहा कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं होगी, सरकार पर्याप्त आर्थिक सहायता देगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज में अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजें. मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए धनराशि दी जाएगी. इस दौरान एक छात्र आजमगढ़ से आया हुआ था उसने अपनी पढ़ाई के बारे में मुख्यमंत्री से निवेदन किया मुख्यमंत्री ने अफसर को निर्देशित करते हुए कहा कि इस छात्र की पढ़ाई में जो समस्या आ रही है उसको दुरुस्त किया जाए.