लखनऊ/कानपुर/फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश में सोमवार को मानसून कमजोर रहेगा. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ हल्की और कहीं कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. बता दें कानपुर और फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा.
वहीं पिछले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ हल्की और कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मेघगर्जन होने के साथ ही हल्की बूंदाबादी हुई. दक्षिणी पश्चिमी मानसून की सक्रियता कुछ कम होने के कारण रविवार को उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम ड्राई रहा और दिन में धूप खिलने से उमस भरी गर्मी दर्ज की गयी.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट: ललितपुर, झांसी, जालौन, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रतापगढ, जौनपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चन्दौली, सोनभद्र, गाजीपुर, मऊ, देवरिया, बलिया, कुशीनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, सिद्वार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है
24 घंटे में 89 प्रतिशत कम हुई बारिश: पिछले 24 घंटे में अनुमानित बारिश 7.1 मिली मीटर के सापेक्ष 0.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 89 प्रतिशत कम है. वहीं 1 जून से 8 अगस्त तक अनुमानित बारिश 423.5 मिली मीटर के सापेक्ष 337.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 20 प्रतिशत कम है.
लखनऊ में बारिश की चेतावनी: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
वहीं रविवार को सुबह के समय बादल छाये रहे और कही-कही हल्की बूंदा बांदी हुई. दिन में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली बाद में फिर बादलों ने दस्तक दी और कही कही बारिश हुई.
फर्रूखाबाद सबसे गर्म जिला: रविवार को उत्तर प्रदेश का फर्रूखाबाद सबसे अधिक गर्म रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं बाराबंकी जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डा. अतुल सिंह ने बताया कि सोमवार को प्रदेश के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं मंगलवार को उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
फर्रुखाबाद में बढ़ा गंगा का जलस्तर: जिले में गंगा नदी और रामगंगा दोनों नदियों का चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर और खतरे का निशान 137.10 मीटर है. सिंचाई खण्ड की सूचना के अनुसार 8 अगस्त को गंगा नदी का जलस्तर 136.95 मीटर था. इस प्रकार गंगा नदी का जल स्तर चेतावनी बिंदु पर 136.60 मीटर से ऊपर है.
कानपुर में उफनाई गंगा: पूरी रफ्तार के साथ नरौरा से लाखों क्यूसेक पानी कानपुर में गंगा की ओर आ रहा है. सोमवार सुबह से ही जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया. सिंचाई विभाग के जेई का कहना है, मंगलवार और बुधवार को एक बार फिर गंगा के पानी में सैलाब दिखेगा. सोमवार को शुक्लागंज पर गंगा का जलस्तर 111.99 मीटर पर पहुंच गया, जोकि चेतावनी बिंदु के बेहद करीब है.