देवरिया में विपक्ष पर सीएम योगी का हमला, बोले- ‘रामभक्तों की अग्नि परीक्षा मत लो’

गोरखपुर : अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे के गबन मामले में दर्ज हुई पहली FIR के बाद शुक्रवार को देवरिया की बरहट विधानसभा क्षेत्र के बरांव में सीएम योगी ने एक जनसभा को संबोधित किया. सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. साथ ही रामलला के दर्शन करने पहुंचे दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को भी घेरा.

सीएम योगी ने कहा, अयोध्या हम सबकी आस्था की प्रतीक हैं. अयोध्या पर आक्षेप मत करो, श्रीराम की मर्यादा का पालन करना सीखो. मैंने कहा था कि एसआईटी की रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी, एसआइटी रिपोर्ट आई और कार्रवाई प्रारंभ हो गई है. जो लोग आज आक्षेप कर रहे हैं, इनकी मंशा अच्छी नहीं है. ये वे लोग हैं जो भगवान राम को नकार चुके थे. कहते थे कि राम हुए ही नहीं. ये लोग अयोध्या को नकारते रहे. दूसरा पक्ष वे हैं जो जयश्रीराम पर लाठी गोली चलाते थे. तुम बताओगे हमें आस्था. ऐसे लोग रामनवमी पर दंगा करवाते थे. कावड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाते थे.

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को लूटा ही नहीं, बल्कि नोंचा था. हमारी सरकार ने पहले दिन कहा था कि दूध का दूध पानी का पानी होगा. मैं फिर कहता हूं कि रामभक्तों की अग्निपरीक्षा मत लो, उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ मत करो. प्रमाण है तो एसआईटी को सबूत पेश करो. जन आस्था का सम्मान होना चाहिए. हम 19 जून के अयोध्या दौरे पर ही इस बात को कह चुके थे कि SIT की रिपोर्ट आने बाद हमारी कार्रवाई प्रारम्भ हो जाएगी.

जनसभा को संबोधित करने से पहले योगी ने करीब 456 करोड़ की लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने नवजात बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम को भी अपने हाथों से संपन्न किया. बच्चों को दुलारा और उन्हें उपहार भेंट किया.

ख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें देवरिया के पावन धरा पर आज आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जहां बाबा दूधेश्वरनाथ और बाबा महेंद्र नाथ जैसे पवन ज्योतिर्लिंग विराजमान हैं. देवरिया आज चारों तरफ से रोड कनेक्टिविटी से जुड़ रहा है. दक्षिण गोरखपुर- वाराणसी हाईवे हो या फिर बिहार को जाने वाली सड़क, उसे इस फोरलेन की कनेक्टिविटी से जोड़ दिया जाएगा.

कहा कि जितना अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर होगा, विकास उतना ही तेज गति से आगे बढ़ता दिखाई देगा. कहा कि आपके पास स्किल्ड युवा हों, लैंड बैंक और जल संसाधन हो तो दुनिया की शक्ति बनने में देर नहीं लगती है. यही उत्तर प्रदेश की खूबी है, जिसके पास यह सब कुछ मौजूद है. हम अपनी युवा शक्ति के बराबर किसी भी चट्टान से टकरा सकते हैं. हम अपने इस युवा को रोजगार देने का काम कर रहें हैं. 9 लाख जवानों को रोजगार दिया है.

सीएम ने कहा कि परंपरागत उद्योग को जीवित करके तीन करोड़ लोगों को रोजगार और नौकरी का अवसर मिला है. सुरक्षा का माहौल पैदा करते हुए जीरो टोलरेंस की नीति के तहत सरकार कार्य कर रही है. इस दौरान उन्होंने स्थानीय मुद्दे का भी जिक्र कर लोगों की वाहवाही लूटी. कहा कि एक समय था जब मदनपुर थाने से असलहा लूट लिया गया था, लेकिन आज मोहर्रम के अवसर पर भी शांति नजर आ रही है. कोई सड़क पर असलहा नहीं लहरा सकता. अगर कोई शांति व्यवस्था भंग करेगा तो उसका खामी आज भी भुगतेगा.

इस दौरान मंच पर मौजूद प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में कृषि विकास, कृषि शिक्षा और किसानों के कल्याण की जो नीति बनी है, उसकी वजह से कृषि विभाग पूरे देश में नंबर एक पर है. कार्यक्रम को केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद कमलेश पासवान ने भी संबोधित किया और अपने मंत्रालय की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की बात कही.