गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी का भरोसा, बोले- ‘हर समस्या का होगा समाधान

गोरखपुर: गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार सुबह आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 200 लोगों से मिले. प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों की समस्या सुनीं. वहीं, दूर-दराज से आए फरियादीयों से मुलाकात के दौरान योगी ने गंभीरता से उनकी बात सुनकर कार्रवाई के निर्देश दिए.

जनता दर्शन में सबसे अधिक समस्या, भूमि विवाद, बीमारी से ग्रसित लोग, अपनी समस्या लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंच थे. वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि एस्टीमेट बनवाकर मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्धि कराई जाए और सभी पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें लाभ दिलवाएं.

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक पहुंचकर मुख्यमंत्री ने सबकी समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्रों को पास में खड़े अधिकारियों को देते हुए तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सबकी समस्या का समाधान कराया जाएगा.

जनता दर्शन में हर बार की तरह कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. हृदय रोग से पीड़ित एक महिला से उन्होंने कहा कि इलाज के लिए उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जाएगी.

सीएम योगी ने जमीन कब्जा से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में तुरंत कड़े कदम उठाए जाएं. जबरन जमीन कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.