1st Nov Ad

फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने चार स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर पकड़ी 47 ग्राम स्मैक

कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 5.60 लाख रुपये आंकी गई

बरेली । फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस को मुखबिर की सूचना पर चार स्मैक तस्करों को पकड़कर उनसे लगभग 5.6 लाख रुपये कीमत की 47 ग्राम स्मैक बरामद की। चारों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
एसएसपी के दिशानिर्देशन में स्मैक तस्करों के विरुद्ध जिले भर में चलाए जा रहे अभियान के तहत आज शुक्रवार को सटीक मुखबिरी पर थाना पुलिस ने कस्बे में भोले शाह की मज़ार के पास से चार संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर इनके कब्जे से 47 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 5.60 लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गए तस्करों में थाना व कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के वासु हसन पुत्र शम्सुल क़मर वार्ड 10 नई बस्ती, सलीम पुत्र शाहिद हुसैन वार्ड 13 नई बस्ती और थाना शेरगढ़ के ग्राम मवई काजियान निवासी भूरा पुत्र असगर खां, फईम पुत्र शकील अहमद शामिल हैं। चारों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 3/8 के तहत मुकदमा दर्ज कर इन्हें न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट से चारों को जेल भेज दिया गया है। स्मैक तस्करों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय, एसआई ब्रह्मपाल सिंह, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार, कांस्टेबल रजत कुमार, कपिल कुमार, मो. इरशाद और जीप चालक कांस्टेबल मुकेश कुमार शामिल रहे। वासु हसन के विरुद्ध फतेहगंज पश्चिमी, सीबी गंज थानों में स्मैक तस्करी और अन्य आपराधिक वादों के 10 और बाकी तीनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत एक-एक केस दर्ज हैं।