बाराबंकी में सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- ब्रह्मोस की गूंज से पाकिस्तान की नींद उड़ी

बाराबंकी: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी में 542 करोड़ रुपये की 82 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विरोधियों पर सियासी तीर चलाए.

मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि सनातन सुरक्षित है, तो हम सब सुरक्षित हैं. अगर सनातन पर कोई खतरा आएगा तो कोई भी बच नही पायेगा.

सपा और कांग्रेस पर बरसे मुख्यमंत्री: इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने जनता को याद दिलाते हुए कहा कि जब भी आप सब पर कोई संकट आता है, सपा और कांग्रेस वालों की बोलती बंद हो जाती है. उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाया कि यही उदासीनता वजह रही कि आज तक क्षेत्र में विकास कार्य नही हुए. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जनता का पैसा सिर्फ कब्रिस्तान की बाउंड्रीवॉल पर खर्च होता था.
धर्मनिरपेक्षता के नाम पर अराजकता का अंत: सीएम योगी ने कहा कि कब्रिस्तान पर पैसा खर्च करना विपक्षी दलों के लिए धर्मनिरपेक्षता का मानक बन गया था. हमें ऐसी तुष्टिकरण वाली धर्मनिरपेक्षता को उखाड़ फेंककर सनातन की सुदृढ़ भूमि पर एक सुरक्षित भारत का निर्माण करना पड़ेगा. जो लोग धर्मनिरपेक्षता के नाम पर सनातन को अपमानित करते थे, असल में वे समाज में अराजकता फैलाते थे. ये वही लोग थे जो सत्ता के संरक्षण में अपने गुर्गों से व्यापारियों से अवैध वसूली करवाते थे.
कट्टा छोड़ अब बन रही ब्रह्मोस मिसाइल: उन्होंने कानून व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि इन्हीं लोगों ने गांव-गांव और शहर-शहर अवैध कट्टा बनवाना शुरू करा दिया था. उन्ही अवैध कट्टों और बमों के दम पर कभी व्यापारी लूटा जाता था, तो कभी किसी बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ होता था. लेकिन आज यूपी की तस्वीर बदल चुकी है और अब यहाँ कट्टा-बम नही बल्कि लखनऊ में डिफेंस कॉरिडोर के तहत ‘ब्रम्होस मिसाइल’ बन रही है. इस मिसाइल की मारक क्षमता और आधुनिक तकनीक आज के नए भारत की असली ताकत को दर्शाती है.
पाकिस्तान और उसके आकाओं में खौफ: मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल की आवाज सुनकर पाकिस्तान और उसके आका बाप-बाप चिल्लाते हैं. एक बार जब यह मिसाइल चलती है, तब सीमा पार बैठे आतंकियों से लेकर उनके आकाओं तक सबकी नींद उड़ जाती है. यह रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर होते आज के सशक्त और सुरक्षित भारत की महाशक्तिशाली ताकत है. इस जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी ने प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया.