बालू लदे डंफर ने ऑटो को कुचला, संभल में 4 लोगों की मौत; CM योगी ने जताया दुख

संभल: संभल में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. यहां तेज रफ्तार मौरंग-बालू लदे डंपर ने ऑटो को रौंद दिया. भीषण सड़क हादसे में ऑटो सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है. हादसे के बाद पुलिस ने सभी शवों पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं. वहीं, सीएम योगी ने इस हादसे को लेकर शोक जताया है.

पूरा मामला बहजोई कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद-आगरा हाईवे का है, जहां गांव बबनेटा के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि ट्राई साइकिल सवार दिव्यांग को बचाने के प्रयास में ऑटो और तेज रफ्तार डंपर की भीषण भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया. डॉक्टरों ने दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया. वहीं, पुलिस ने चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए हैं. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.

बहजोई थाना प्रभारी राजीव मलिक ने बताया की मौरंग बालू से लड़े डंपर ने एक दिव्यांग व्यक्ति को बचाने के चक्कर में ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी है जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हो चुकी है. चारों को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है. दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. उनका उपचार जारी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सीएम योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद संभल में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना की व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने हेतु निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए कहा है.