‘भारत-फ्रांस इनोवेशन रोडमैप 2030’ को मंजूरी, तकनीक, AI और शिक्षा में बढ़ेगी दोनों देशों की दोस्ती

भारत सरकार ने सोमवार को घोषणा की है कि भारत का ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य और फ्रांस का ‘फ्रांस 2030’ विजन एक साथ मिलकर काम करेंगे. दोनों देशों ने भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन रोडमैप 2030’ को मंजूरी दी है. इस समझौते से नई तकनीकों के विकास, सुरक्षा और दोनों देशों में व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे.भारत और फ्रांस का मानना है कि नई खोज ही अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, देश को आत्मनिर्भर बनाने और वैश्विक चुनौतियों का सामना करने का सबसे बड़ा जरिया है.

‘ट्रस्टेड एआई’ पर विशेष ध्यान – इस समझौते के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को दोनों देशों के बीच सहयोग का मुख्य हिस्सा बनाया गया है. दोनों देश मिलकर ऐसे सुरक्षित और भरोसेमंद एआई सिस्टम पर काम करेंगे जो लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवाधिकारों के अनुकूल हों. इसका मुख्य उद्देश्य समाज में भेदभाव को रोकना, गलत सूचनाओं के प्रसार पर लगाम लगाना और सतत विकास को बढ़ावा देना है.

दोनों देशों के तकनीकी विशेषज्ञ और नियामक मिलकर एआई के नियमों को सरल और सुरक्षित बनाएंगे, ताकि तकनीक के विकास और देश की प्रगति में कोई बाधा न आए. इसके साथ ही, इंटरनेट और एआई के दौर में बच्चों की सुरक्षा को सबसे बड़ी प्राथमिकता दी गई है. डिजिटल दुनिया में बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए दोनों देश मिलकर ठोस कदम उठाएंगे.