अमेठी। मुंशीगंज रोड स्थित महमूदपुर गांव में बिजली लाइन की खराबी दूर करने पहुंचे जंगल टिकरी निवासी निविदाकर्मी शिवकुमार गुप्ता (45) की रविवार शाम करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शटडाउन लेने के बावजूद अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए। महमूदपुर निवासी अनीश अहमद ने घर के सामने टिनशेड से छू रहे बिजली तार की शिकायत की थी। इसके निस्तारण के लिए शिवकुमार अपने साथी अनूप के साथ मौके पर पहुंचे थे। बताया जाता है कि शटडाउन लेने के बाद दोनों कर्मचारी लाइन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और शिवकुमार गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी अमेठी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर श्रीराम पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। हादसे की सूचना मिलते ही शिवकुमार के घर में कोहराम मच गया। पत्नी संजू, पुत्र गंगासागर और बेटियां भूमि व साक्षी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि शिवकुमार ही परिवार के मुख्य सहारा थे। उनकी मौत से आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।मृतक के भाई सुग्रीव गुप्ता ने आरोप लगाया कि शटडाउन के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लाइन चालू करने वाला कर्मचारी शिवकुमार से व्यक्तिगत रंजिश रखता था। सुग्रीव ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।