वाराणसी: काशी में सोमवती अमावस्या पर सोमवार को घाटों पर स्नान के साथ मंदिरों में दर्शन पूजन का सिलसिला सुबह से जारी है। दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और पंचगंगा सहित विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। वहीं गंगा स्नान के बाद लोग बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए कतार में लग गए। इस दौरान हर- हर महादेव के जयघोष से श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर गूंज उठा।
ज्योतिषियों के मुताबिक, सोमवार को अमावस्या का दुर्लभ संयोग होने के कारण इस दिन का महत्व कई गुना बढ़ गया है। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर और अन्य शिवालयों में जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं।
सोमवती अमावस्या पर विशेष रूप से सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य के लिए व्रत रखा है। इस दौरान महिलाओं ने मंदिरों के साथ पीपल के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा की।