मेरठ में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का हाईलेवल रिव्यू, मुख्य सचिव-डीजीपी करेंगे बैठक

मेरठ : कांवड़ यात्रा को लेकर सोमवार को प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी मेरठ में महत्वपूर्ण बैठक कर रहे हैं. बैठक में इस धार्मिक यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अलग-अलग राज्यों के अधिकारी भी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं. वहीं डीजीपी और मुख्य सचिव कांवड़ मार्गों का निरीक्षण भी करने वाले हैं.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन कांवड़ यात्रा की शुरुआत अब होने जा रही है. श्रावण मास की 28 अगस्त से शुरुआत होगी. बैठक में उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा के अफसरों के अलावा पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अधिकारी भी मौजूद हैं.

व्यापक स्तर पर कांवड़ यात्रा की तैयारी की जा रही है. ऐसे में डीजीपी और मुख्य सचिव यहां आकर तैयारी का जायजा ले रहे हैं. सोमवार को डीजीपी उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण एवं चीफ सेक्रेटरी एसपी गोयल मेरठ परतापुर हवाई पट्टी पर पहुंचे. जहां अधिकारियों ने उनका स्वागत किया.

दोनों अधिकारी इंटरस्टेट कोऑर्डिनेशन मीटिंग में शामिल होंगे. नजदीकी राज्यों के पुलिस अधिकारी भी मौजूद हैं. इस दौरान मेरठ सदर बाजार स्थित औघड़ नाथ मंदिर पहुंचकर वहां बने कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण करेंगे. इस बैठक में अलग-अलग राज्यों के द्वारा आपसी समन्वय और कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने पर चर्चा हो रही है. बैठक के बाद तैयारियों को लेकर डीजीपी और मुख्य सचिव जानकारी देंगे.