लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में भाजपा की ओर से बड़े स्तर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा. अभियान के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ ही लोगों से सीधे संवाद भी किया जाएगा.
सीएम योगी ने बताया कि 7 अक्टूबर को 25 वर्ष पूरे होने हैं. इसी के मद्देनजर प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार की गई है. सीएम का कहना है कि इन कार्यक्रमों के पीछे जनसेवा और सबका साथ, सबका विकास की भावना पर रहेगी.
हर गांव, शहर और विकासखंड तक पहुंचेगा अभियान
सीएम योगी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान को प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचाने की तैयारी है. कार्यक्रम के तहत हर ग्राम पंचायत, नगर निकाय, विकासखंड और जनपद में अलग-अलग आयोजन किए जाएंगे. इसके लिए जिलों में स्थानीय स्तर पर कार्ययोजना तैयार की गई है. अभियान में भाजपा के मंत्री, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे. सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करने और लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और विकास को प्रमुखता दी गई. इसी कार्य को जनता के बीच ले जाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है.
गरीब कल्याण और डीबीटी को बताया बदलाव का आधार
कार्यक्रम में गरीबों के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि जनधन खातों और डीबीटी के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंचाई जा रही है. गरीबों के लिए आवास, स्वच्छता, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया गया.
युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनाने पर जोर
अभियान में युवाओं को भी प्रमुख रूप से जोड़ा जाएगा. कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के तहत युवाओं को केवल जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनाने की दिशा में काम किया गया है. स्टार्टअप, इनोवेशन और रिसर्च को बढ़ावा देने का उल्लेख करते हुए कहा गया कि युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हुए हैं. स्टार्टअप इंडिया से जुड़े युवाओं को भी अभियान के कार्यक्रमों से जोड़ने की तैयारी है. शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा.
इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर गिनाए गए काम
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री बनने के बाद तक के कार्यों का उल्लेख किया गया. गुजरात में बिजली, सिंचाई और कनेक्टिविटी की चुनौतियों से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास तक के कार्यों का जिक्र किया गया. प्रधानमंत्री के रूप में देश में हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो, रैपिड रेल, एयरपोर्ट, पोर्ट और वाटरवे के क्षेत्र में हुए कामों को उपलब्धियों के तौर पर गिनाया गया. रेलवे के विद्युतीकरण और ब्रॉडगेज विस्तार के साथ ही वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनों का भी उल्लेख किया गया. सीएम ने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर अब देश के विकास की रीढ़ बन रहा है और गांव से लेकर शहर तक इसका विस्तार हुआ है.
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव का दावा
सीएम द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में वैक्सीन निर्माण और कोविड के दौरान किए गए प्रयासों का उल्लेख किया गया. इसके साथ ही देश में एम्स और आईआईटी, आईआईएम जैसे संस्थानों के विस्तार की बात कही. कार्यक्रम में कहा गया कि पहले उच्चस्तरीय संस्थानों और सुविधाओं का विस्तार सीमित क्षेत्रों तक था, लेकिन अब देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को इन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है.
राम मंदिर और विरासत के सम्मान का भी जिक्र
कार्यक्रम में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को भी सरकार के कार्यों में शामिल करते हुए कहा गया कि देश की विरासत और आस्था से जुड़े स्थलों को सम्मान देने का काम हुआ है. इसे गुलामी की मानसिकता.से बाहर निकलकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ आगे बढ़ने से जोड़कर बताया गया.
दीनदयाल उपाध्याय और गांधी के विचारों से जोड़ेंगे अभियान
सेवा संकल्प अभियान में महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान का भी उल्लेख किया जाएगा. कार्यक्रम में कहा गया कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का संकल्प इन्हीं विचारों को आगे बढ़ाने की भावना से जुड़ा है. 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर अलग-अलग थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास होगा.
यात्राओं और जनसंवाद के जरिए जनता से जुड़ेंगे कार्यकर्ता
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से यात्राएं निकालने की भी योजना है. इन यात्राओं के दौरान अलग-अलग चरणों में जनता से संवाद किया जाएगा. यात्रा के माध्यम से गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार के काम और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को सेवा, संघर्ष और विकास के रूप में जनता तक पहुंचाया जाएगा. इसी उद्देश्य से प्रदेश के हर गांव, शहर, विकासखंड और जनपद में कार्यक्रमों की जिला स्तर पर कार्ययोजना तैयार की गई है.