लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए योगी सरकार लगातार धनराशि आवंटित कर रही है. राजधानी लखनऊ ही नहीं बल्कि, दूरदराज के पिछड़े क्षेत्रों में भी पर्यटन की संभावनाओं को ध्यान में रखकर कार्य करने के लिए बजट दिया जा रहा है. अब पर्यटन विभाग ने मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जिले और कानपुर मंडल के औरैया जिले में विकास परियोजनाओं के लिए धनराशि आवंटित की है.
पर्यटन विभाग ने राज्य योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जिले के लिए 5 पर्यटन विकास की परियोजनाओं के लिए 460.26 लाख रूपये के प्रशासकीय स्वीकृत के सापेक्ष 337 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई.
यूपी के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि नौगावा सादात विधानसभा क्षेत्र में बाबा लालचंद मंदिर जकड़ी के पर्यटन विकास के लिए 50 लाख रूपये, धनौरा में प्राचीन शिवमंदिर धुने वाले बाबा स्थल का पर्यटन विकास के लिए 69 लाख रूपये, हसनपुर में स्थित प्रज्ञा बुद्ध विहार के पर्यटन विकास के लिए 50 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है. अमरोहा विकास खंड जोया के डिडौली गांव स्थित शिव मंदिर के लिए 63 लाख रूपये और हसनपुर स्थित चामुंडा देवी मंदिर में बहुउद्देशीय हाल, प्रकाश व्यवस्था के लिए 150 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है.
पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य सेक्टर में कानपुर मंडल के औरैया जिले की 3 विधानसभाओं के लिए 370.53 लाख रूपये के सापेक्ष 278 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की है. इस धनराशि से विभिन्न धार्मिक स्थलों का पर्यटन विकास किया जायेगा. दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित हनुमान मंदिर सेहुद धाम के पर्यटन विकास के लिए 105 लाख रूपये, विधुना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दुर्वासा आश्रम के पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ रूपये, कुल देवता गंगा बाबा नवी मोहान मधवापुर विकासखंड सहार के पर्यटन के लिए 73 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है. इन कार्यों के लिए UPSTDC को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है.
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करें. मुख्यमंत्री योगी के मार्गदर्शन में लगभग प्रदेश के सभी जनपदों के लिए पर्यटन विकास की योजनाएं स्वीकृत की हैं. इसका उद्देश्य प्राचीन धार्मिक स्थलों का पुनरूद्धार और सौन्दर्यीकरण करके श्रद्धालुओं को आकर्षित करना है.