लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला अब थमने लगा है. बता दें कि रविवार को भी प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम ड्राई रहेगा. कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं कल से फिर मानसून की सक्रियता में वृद्धि होगी. आगामी 2 से 3 दिनों तक प्रदेश में कई स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. 3 से 4 दिनों बाद फिर से मौसम करवट लेगा और बारिश के सिलसिले में कमी आएगी.
पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में मौसम सामान्य रहा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर मौसम ड्राई रहा, कुछ स्थानों पर हल्की और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हुई.
पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 7.6 मिली मीटर के सापेक्ष 2.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 64% कम है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 6.4 के सापेक्ष 3.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 42% कम है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट: देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, गोरखपुर, सिद्धार्थ नगर, ललितपुर, झांसी, महोबा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, शामली, सहारनपुर, बागपत, गौतम बुद्ध नगर में चेतावनी जारी की गई है.
बारिश के टॉप 10 जिले: ललितपुर में 20, जालौन में 11, महोबा में 11, झांसी में 10, वाराणसी में 17, सोनभद्र में 10, बाराबंकी में 10, चित्रकूट में 6, चंदौली में 6, हरदोई में 6.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
लखनऊ में रेन अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को कुछ स्थानों पर बादलों की आवा जाही रहेगी. अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
अयोध्या सबसे गर्म जिला: शनिवार को प्रदेश का अयोध्या सबसे गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोई प्रभावी बारिश नहीं होने की संभावना है. 48 घंटो के दौरान इसमें आंशिक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है.