यूपी में आज भी बारिश का कहर, 45 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक और तेज वर्षा का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से दक्षिणी पश्चिमी मानसून सक्रिय हो गया है. जिसकी वजह से प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. मंगलवार को खासतौर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हुई. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश दर्ज की गई. मंगलवार को मेरठ, बांदा, बाराबंकी, हरदोई, कानपुर देहात, इटावा, लखीमपुर खीरी, वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर, अमेठी, बस्ती, आजमगढ़, झांसी, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर इलाकों में झमाझम बारिश हुई.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के 45 से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ कहीं भारी और कहीं बहुत तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ बिजली भी गिर सकती है. कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा भी चलेगी.

बारिश की चेतावनी इन जिलों में: बस्ती, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.

आगरा में बूंदाबांदी, भारी बारिश का अलर्ट: कई दिन की गर्मी और उमस के बाद आगरा में मंगलवार देर शाम के बाद बुधवार सुबह 5 बजे से ही बूंदाबांदी हो रही है. रिमझिम बहार के साथ ही तेज हवाएं चल रही हैं. बारिश और बूंदाबांदी से तापमान में धड़ाम हो गया. जिससे लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान के साथ अलर्ट जारी किया है कि अगले 48 घंटों में भारी बारिश हो सकती है.

अलीगढ़ में झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलभराव: अलीगढ़ में मंगलवार शाम से शुरू हुई बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है. शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और देर रात हुई झमाझम बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया. वहीं कुछ जगहों पर जल भराव की स्थिति बन गई है.

45% कम हुई बारिश: मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 7 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 142.7 मिलीमीटर के सापेक्ष 78 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 45% कम है.

लखनऊ में बारिश का अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी. 1-2 स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

फर्रुखाबाद सबसे गर्म जिला: मंगलवार को उत्तर प्रदेश का फर्रुखाबाद सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बस्ती जिले में 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हो रही हल्की से मध्यम बारिश के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर आगामी 3 दिनों तक जारी रहने के उपरान्त मौसमी द्रोणी के अपनी वर्तमान स्थिति से उत्तर की ओर खिसकने से 10 जुलाई से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी सक्रियता में वृद्धि होने के साथ भारी बारिश का दौर शुरू होने की सम्भावना है. 2 से 3 दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी.