लखनऊ/कानपुर: उत्तर प्रदेश में दक्षिणी पश्चिमी मानसून सक्रिय है जिसकी वजह से लगातार बारिश हो रही है. प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. नदियां और डैम खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं. वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के कुछ जगहों पर भारी से अधिक भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. कानपुर देहात में बारिश के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
कानपुर देहात: जिले में मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश होने की चेतावनी दी है. सुबह ही जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है.
मूसलाधार बारिश की संभावना इन जिलों में: चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रवि दास नगर, रायबरेली, अमेठी और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ में बादल छाए रहेंगे. कई स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बहराइच सबसे गर्म जिला: रविवार को उत्तर प्रदेश का बहराइच सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्रफल के चलते मानसून की तीव्रता में इजाफा हुआ है. आगामी 4 से 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. बारिश से किसानों को लाभ मिलेगा. वहीं बाढ़ ग्रस्त इलाकों के लिए समस्या और बढ़ेगी.